जगमग हुई गोवर्धन परिक्रमाः सांसद हेमा मालिनी ने लांच किया ‘मेरो मथुरा’ ऐप, अब मोबाइल पर मिलेगी पूरी तीर्थनगरी की सुविधाएं

मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा अब आध्यात्मिकता के साथ डिजिटल और आधुनिक सुविधाओं की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रही है। विश्व प्रसिद्ध गोवर्धन परिक्रमा मार्ग अब 500 सोलर स्ट्रीट लाइटों से जगमगा उठा है, वहीं ‘मेरो मथुरा’ ऐप के माध्यम से श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को तमाम सरकारी एवं नागरिक सुविधाएं मोबाइल पर उपलब्ध होंगी। गुरुवार को सांसद हेमा मालिनी ने ‘मेरो मथुरा’ ऐप का शुभारंभ एवं गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर लगाई गई 500 सोलर स्ट्रीट लाइटों का लोकार्पण किया।

May 14, 2026 - 19:52
 0
जगमग हुई गोवर्धन परिक्रमाः सांसद हेमा मालिनी ने लांच किया ‘मेरो मथुरा’ ऐप, अब मोबाइल पर मिलेगी पूरी तीर्थनगरी की सुविधाएं
मथुरा में गुरुवार को मेरो मथुरा ऐप लॊन्च करतीं सांसद हेमा मालिनी। मौजूद हैं वरिष्ठ अधिकारी।

कार्यक्रम में उत्तर ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्रा भी मौजूद रहे। मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण और नगर निगम मथुरा-वृंदावन की इन दोनों महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को सीएसआर फंड के अंतर्गत एचडीएफसी बैंक के सहयोग से पूरा कराया गया है।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, नगर आयुक्त जग प्रवेश, मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन, एचडीएफसी बैंक के जोनल हेड प्रवीण गुप्ता एवं आशीष श्रीवास्तव सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। सांसद हेमा मालिनी ने रिमोट दबाकर सोलर स्ट्रीट लाइटों एवं ‘मेरो मथुरा’ ऐप का औपचारिक शुभारंभ किया।

बताया गया कि गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर लगाई गई सभी 500 सोलर स्ट्रीट लाइटें फिलिप्स कंपनी की हैं। इन लाइटों के अनुरक्षण और रखरखाव की जिम्मेदारी आगामी पांच वर्षों तक एचडीएफसी बैंक द्वारा निभाई जाएगी। इन सोलर लाइटों के लगने से संपूर्ण परिक्रमा मार्ग रोशनी से जगमगा उठा है, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को रात्रि में भी सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

‘मेरो मथुरा’ ऐप को नगर निगम मथुरा-वृंदावन एवं एचडीएफसी बैंक द्वारा विकसित किया गया है। यह ऐप नागरिकों और श्रद्धालुओं के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगा, जिसके माध्यम से जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, संपत्ति म्यूटेशन, संपत्ति कर, पेट रजिस्ट्रेशन, शिकायत निवारण, हेल्पलाइन, न्यूज़, जीवन पोर्टल, आपातकालीन सेवाएं, टॉयलेट लोकेशन, होटल, रेस्टोरेंट और मंदिरों की जानकारी व लोकेशन जैसी अनेक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि मथुरा कोई साधारण शहर नहीं बल्कि भगवान श्रीकृष्ण की पावन भूमि है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने एचडीएफसी बैंक, नगर निगम और विकास प्राधिकरण के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ‘मेरो मथुरा’ ऐप स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों और दर्शनार्थियों के लिए भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र ने कहा कि इस ऐप के शुरू होने के बाद नगर निगम की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। अब नागरिकों की शिकायतों से लेकर तमाम सेवाओं की निगरानी इसी प्लेटफॉर्म के माध्यम से होगी। उन्होंने सुझाव दिया कि ‘मेरो मथुरा’ ऐप को ‘मेरो ब्रज’ ऐप से भी जोड़ा जाए, ताकि ब्रज क्षेत्र के साहित्य, मंदिरों और ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी भी एक ही मंच पर उपलब्ध हो सके।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने एचडीएफसी बैंक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में वृंदावन परिक्रमा मार्ग और अन्य तीर्थ स्थलों के विकास में भी इसी प्रकार का सहयोग मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार श्रद्धालुओं, पर्यटकों और दर्शनार्थियों की सुविधाओं को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

नगर आयुक्त जग प्रवेश एवं विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन ने सीएसआर फंड के माध्यम से सहयोग देने पर बैंक अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों ने ‘मेरो मथुरा’ ऐप की कार्यप्रणाली और उससे मिलने वाली सुविधाओं की विस्तृत जानकारी भी दी।

इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा, गोवर्धन चेयरमैन प्रभा देवी शर्मा, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी मदन चंद्र, अधिशासी अभियंता प्रशांत गौतम, अमरदीप, एई वैशाली शर्मा, एचडीएफसी बैंक के जोनल हेड सीएसआर आशीष श्रीवास्तव, क्लस्टर हेड मथुरा गिरिराज अग्रवाल, ब्रांच मैनेजर जितेंद्र छाबड़ा सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन व्यास नंदन शर्मा ने किया।

SP_Singh AURGURU Editor