खाकी की ग्रैंड एंट्री, यूपी पुलिस के नए सिपाही के स्वागत में निकला रोड शो, रील्स और बाइक रैली का वीडियो वायरल
यूपी पुलिस की ट्रेनिंग पूरी कर गांव लौटे सिपाही अजय वर्मा के स्वागत में आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर भव्य रोड शो निकाला गया। खुली कार, बाइक रैली और सोशल मीडिया रील्स के साथ निकले काफिले का वीडियो वायरल हो गया। स्वागत के लिए पोस्टर भी छपवाए गए थे और फतेहाबाद से गांव मिश्री तक जुलूस निकाला गया।
आगरा। आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर उस समय अलग ही नजारा देखने को मिला, जब यूपी पुलिस की ट्रेनिंग पूरी कर गांव लौटे एक नए सिपाही के स्वागत में युवाओं ने भव्य रोड शो निकाल दिया। खुली कार, दर्जनों बाइक, डीजे और मोबाइल कैमरों के बीच निकला यह काफिला अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार फिरोजाबाद जिले के मिश्री पुरा गांव निवासी अजय वर्मा हाल ही में यूपी पुलिस की ट्रेनिंग पूरी कर घर लौटे हैं। उनके स्वागत को यादगार बनाने के लिए गांव और आसपास के युवाओं ने फतेहाबाद क्षेत्र के अवंती बाई चौराहे से एक बड़ा जुलूस निकाला।
काफिले में आगे-आगे खुली कार में सिपाही अजय वर्मा नजर आए, जबकि पीछे दर्जनों बाइक सवार युवा हूटिंग और नारेबाजी करते हुए चलते रहे। कई युवाओं ने इस पूरे रोड शो की वीडियो रील्स बनाई, जो कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो गईं।
स्वागत कार्यक्रम को लेकर युवाओं में इतना उत्साह था कि बाकायदा पोस्टर और बैनर भी छपवाए गए थे। फतेहाबाद से लेकर गांव मिश्री तक जगह-जगह फूलमालाओं और स्वागत के साथ काफिला आगे बढ़ता रहा। रास्ते में लोगों की भीड़ इस अनोखे स्वागत को देखने के लिए जुट गई।
हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे गांव के युवक की सफलता पर खुशी और सम्मान बता रहे हैं, तो कुछ इसे खाकी की गरिमा और पुलिस अनुशासन से जोड़कर सवाल भी उठा रहे हैं। फिलहाल यह रोड शो और उससे जुड़ी रील्स चर्चा का विषय बने हुए हैं। वीडियो में युवाओं का उत्साह, बाइक रैली और खुली कार का काफिला साफ दिखाई दे रहा है।