मां के सम्मान में भावनाओं का महासंगम, मदर्स डे पर आगरा में उमड़ा प्रेम, संस्कृति और संवेदना का सैलाब, कहीं गीतों में छलका मातृत्व, कहीं सम्मान से झुकीं नजरें, तो कहीं यमुना मैया को मां मानकर हुई आरती

आगरा। मदर्स डे के अवसर पर शहर भर में मातृत्व, संस्कार, प्रेम और संवेदनाओं को समर्पित कार्यक्रमों की भावनात्मक छटा देखने को मिली। कहीं बच्चों ने गीत और कविताओं से मां के प्रति प्रेम व्यक्त किया तो कहीं मातृशक्ति को सम्मानित कर उनके त्याग और समर्पण को नमन किया गया। सामाजिक संस्थाओं, सांस्कृतिक संगठनों और पर्यावरण प्रेमियों ने अपने-अपने अंदाज में मां की महिमा को प्रणाम करते हुए समाज को परिवार, संस्कार और सेवा का संदेश दिया।

May 10, 2026 - 19:48
 0
मां के सम्मान में भावनाओं का महासंगम, मदर्स डे पर आगरा में उमड़ा प्रेम, संस्कृति और संवेदना का सैलाब, कहीं गीतों में छलका मातृत्व, कहीं सम्मान से झुकीं नजरें, तो कहीं यमुना मैया को मां मानकर हुई आरती
धरा चेतना फाउंडेशन द्वारा मदर्स डे पर आयोजित कार्यक्रम की एक झलक।

भावुक कर गया धरा चेतना फाउंडेशन का मदर्स डे समारोह

दयालबाग स्थित कम्यूनिटी हॉल में धरा चेतना फाउंडेशन द्वारा आयोजित मदर्स डे कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि मां को सबसे ज्यादा जरूरत जीवन की संध्या में अपने बच्चों के सहारे की होती है। वृद्धावस्था में माता को भावनात्मक और शारीरिक सहयोग देकर ही संतान अपने जीवन को सार्थक बना सकती है।

कार्यक्रम की खास पहल यह रही कि समय की महत्ता को सम्मान देने के लिए सबसे पहले पहुंचने वाली चार महिलाओं से दीप प्रज्ज्वलन कराया गया। इस पहल की सभी ने सराहना की।

कार्यक्रम में लीना लेजर, हर्षित, वर्षा मैम, आभा मेहरा और वत्सला प्रभाकर ने उपस्थिति दर्ज कराई। हर्षित द्वारा मां को समर्पित भावपूर्ण गीत ने सभी को भावुक कर दिया। कृति ने कविता और गीत के माध्यम से मां के प्रति भाव व्यक्त किए, जबकि सूर्यांशी ने गिटार प्रस्तुति से माहौल को संगीतमय बना दिया। नन्हीं अनिका की प्रस्तुति ने भी खूब तालियां बटोरीं।

श्रुति ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी पुत्रवधु के साथ संबंध मां-बेटी जैसे हैं। विशिष्ट अतिथि डॉ. नवीन गुप्ता ने मातृत्व की शक्ति और बच्चों के जीवन में मां की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।

अन्या अग्रवाल, अन्वी अग्रवाल, अनय और आहाना सहित अन्य बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन और संयोजन फेलिक्स मसीही सर के निर्देशन में अक्षय प्रताप सिंह और गति सिंह ने किया। कार्यक्रम में डॉ. महेश धाकड़, श्याम कपूर, बरखा सिंह और नरेश कुमार तन्हा भी मौजूद रहे।

22 माताओं का हुआ सम्मान, संकीर्तन से गूंजा अग्रवन

अग्रवन में करुणेश परिवार द्वारा सम्मानित की गईं माताएं।

स्वाधीनता सेनानी स्व. रोशनलाल गुप्त ‘करुणेश’ के परिवार द्वारा वाटर वर्क्स स्थित अग्रवन में मदर्स डे कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर 22 माताओं को सम्मानित कर मातृत्व शक्ति को नमन किया गया। कार्यक्रम में स्व. रामलता गुप्ता का स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस्कॉन आगरा द्वारा प्रस्तुत संकीर्तन ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सम्मानित माताओं में मंजुला गुप्ता, पंकुल, सौम्या (गाजियाबाद), रजनीगंधा (बैंगलोर), श्वेता (गुड़गांव), सीमा (दिल्ली), संध्या (मेरठ), शकुंतला देवी (76 वर्ष), निरुपमा, रेखा, आदीपिका, गीतिका, ईमा, दीपिका, रानी, चंचल, साधना, दिव्या और जागृति शामिल रहीं।

सम्मान करने वालों में प्रियदर्शिनी, अभिषेक, अभिनव, अभिनंदन, अभिनीत, प्रतीक और अभिज्ञान शामिल रहे। मदर्स डे पर चंद्रशेखर, संजय, आदर्श नंदन और शरद गुप्ता ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

मातृशक्ति सम्मान समारोह में मां के त्याग को किया नमन

कर्मयोगी गौशाला में मातृ दिवस पर आयोजित कार्यक्रम की एक झलक।

मानव सेवा समर्पित सामाजिक सेवा समिति द्वारा कर्मयोगी गौशाला, कमला नगर में मदर्स डे सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मां को प्रेम, त्याग, संस्कार और समर्पण की प्रतिमूर्ति बताते हुए मातृशक्ति का पुष्पमालाओं और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया।

इस अवसर पर रेखा बंदिल, लीना बंदिल, साधना अग्रवाल, रजनी दुबे और रचना गोयल का विशेष सम्मान किया गया। कार्यक्रम में कन्हैया अग्रवाल, नीरज बंदिल, प्रिंस बंसल, विनय सिंगल, संतोष गोयल, तरुण अग्रवाल और अमित गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor