आगरा में बाबा साहब की जयंती पर भव्य शोभायात्रा, शहर हुआ नीला, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम
आगरा में डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती पर भव्य शोभायात्रा, गोष्ठी और मेले का आयोजन किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कार्यक्रम संपन्न हुए। युवाओं को बाबा साहब के सिद्धांतों पर चलने का संदेश दिया गया और पूरे शहर में श्रद्धा व उत्साह का माहौल रहा।
सुबह से शाम तक कार्यक्रमों की धूम, जगह-जगह हुआ सम्मान और आयोजन
आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर आगरा शहर में मंगलवार को भव्य आयोजन किए गए। बाबा साहब डॉ. बीआर आंबेडकर जयंती समारोह समिति के तत्वावधान में निकाली जा रही विशाल शोभायात्रा ने पूरे शहर को श्रद्धा और उत्साह के रंग में रंग दिया है। शोभायात्रा में सामाजिक संदेश देती हुईं शामिल दर्जनों झाकियाँ आकर्षण का केंद्र बनीं हुईं हैं।
डॉ. आंबेडकर भवन, कटरा गाड़ियाँन, नाला काजीपाड़ा से शुरू हुई यह शोभायात्रा विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई कल सुबह पचकुइया स्थित जीआईसी मैदान पहुंचेगी, जहां भीमनगरी आयोजन समिति द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। शोभायात्रा के शुभारंभ मौके पर शहर के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह, एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह और एडीएम नगर यमुनाधर चौहान का समिति पदाधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर जोरदार स्वागत किया गया। सभी विशिष्ट अतिथियों ने बाबा साहब की झांकी की आरती कर शोभायात्रा को रवाना किया। पूरे मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
गोष्ठी में गूंजे बाबा साहब के विचार
गढ़ी भदौरिया स्थित नव संकिसा बौद्ध विहार में आयोजित गोष्ठी में उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि संविधान के शिल्पी बाबा साहब के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं और युवा पीढ़ी उनके आदर्शों को अपनाकर जीवन में सफलता हासिल कर सकती है। कार्यक्रम में उनका माला पहनाकर और बाबा साहब की तस्वीर भेंट कर स्वागत किया गया।
अम्बेडकर चौक पर मेला
रामनगर शाहगंज स्थित अम्बेडकर चौक पर डॉ. अम्बेडकर समाज सुधार समिति द्वारा भव्य मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ फीता काटकर और भगवान बुद्ध की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर डॉ. आलौकिक उपाध्याय, पं. देवेश पचौरी, पूर्व राज्य मंत्री डॉ. राम बाबू हरित, समिति अध्यक्ष महेश पिप्पल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने अतिथियों का पगड़ी पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।
शहरभर में दिखा एकता और सम्मान का संदेश
पूरे दिन चले कार्यक्रमों में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन हुए। जगह-जगह बाबा साहब की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान शहर में एकता, समानता और सामाजिक न्याय का संदेश गूंजता रहा।