घोड़ी पर दूल्हा, सामने प्रेमिका, बारात में मचा फिल्मी बवाल, आगरा में प्रेमिका का हाई-वोल्टेज ड्रामा

आगरा के डौकी क्षेत्र में एक बारात के दौरान दूल्हे की प्रेमिका ने शादी रोकने के लिए हंगामा कर दिया। उसने 5 साल के रिश्ते और शादी के वादे का आरोप लगाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दूल्हे, प्रेमिका और उसकी मां को थाने ले जाकर मामला शांत कराया, जिससे शादी का माहौल तनाव में बदल गया।

Apr 20, 2026 - 23:26
 0
घोड़ी पर दूल्हा, सामने प्रेमिका, बारात में मचा फिल्मी बवाल, आगरा में प्रेमिका का हाई-वोल्टेज ड्रामा
बरात रोक कर हंगामा कर रही युवती को देखती भीड़।

आगरा। आगरा के डौकी थाना क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब घोड़ी पर सजे दूल्हे के सामने अचानक उसकी प्रेमिका अपनी मां के साथ आ धमकी। शादी की खुशियों के बीच यह नज़ारा किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। बैंड-बाजे की आवाज़ के बीच आरोपों की गूंज सुनाई देने लगी।

बताया जा रहा है कि शमसाबाद निवासी युवक की बारात सोमवार को कछपुरा जानी थी। दूल्हा जैसे ही गाड़ी से निकला, रास्ते में प्रेमिका ने उसे रोक लिया। मौके पर ही उसने हंगामा शुरू कर दिया और पुलिस को फोन कर बुला लिया। हालांकि उस समय दूल्हा किसी तरह निकल गया और बारात आगे बढ़ गई।

रात करीब 9 बजे जब बारात चढ़ने लगी और माहौल पूरी तरह जश्न में डूब चुका था, तभी कहानी ने फिर से यू-टर्न लिया। प्रेमिका अपनी मां के साथ मौके पर पहुंच गई और बारात को बीच में ही रुकवा दिया। अचानक शुरू हुए इस हंगामे से बाराती और घराती दोनों ही हैरान रह गए।

प्रेमिका ने सबके सामने आरोप लगाया कि युवक के साथ उसका पिछले 5 साल से प्रेम संबंध है। उसने शादी का वादा किया था, लेकिन अब वो किसी और से शादी कर रहा है। प्रेमिका का साफ कहना था- “ये शादी नहीं होने दूंगी।”

हंगामा बढ़ता देख किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। इसके बाद प्रेमिका, उसकी मां और दूल्हे को डौकी थाने ले जाया गया। उधर, दुल्हन पक्ष को जैसे ही इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिली, वे भी मौके पर पहुंच गए। शादी का रंगीन माहौल देखते ही देखते तनाव में बदल गया और पूरी बारात थाने की ओर रवाना हो गई।

इस अप्रत्याशित घटनाक्रम ने शादी की खुशियों में खलल डाल दिया और हर कोई यही चर्चा करता नजर आया “आखिर असली हक किसका?”