हज से लौटे मेहमान-ए-ख़ुदा का सपा कैंप कार्यालय पर हुआ सम्मान, शब्बीर अब्बास बोले- हाजी इंसानियत और अमन का पैग़ाम लेकर लौटते हैं

आगरा। समाजवादी पार्टी महानगर कैंप कार्यालय पर रविवार को पवित्र हज यात्रा से सकुशल लौटे हाजियों के सम्मान में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में हाजियों का साफ़ा पहनाकर अभिनंदन किया गया। समारोह में हज की आध्यात्मिक महत्ता, भाईचारे, अमन और इंसानियत के संदेश पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।

Jun 28, 2026 - 19:40
 0
हज से लौटे मेहमान-ए-ख़ुदा का सपा कैंप कार्यालय पर हुआ सम्मान, शब्बीर अब्बास बोले- हाजी इंसानियत और अमन का पैग़ाम लेकर लौटते हैं
समाजवादी पार्टी के कैंप कार्यालय पर हज यात्रा से लौटे लोगों के स्वागत समारोह में मौजूद शब्बीर अब्बास और अन्य हाजी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने कहा कि हज इस्लाम का पांचवां स्तंभ है और यह केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि इंसान के चरित्र, धैर्य, त्याग, समानता और अल्लाह की बंदगी का सर्वोच्च प्रतीक है। हज यह संदेश देता है कि इंसान की वास्तविक पहचान उसके धन, पद या जाति से नहीं, बल्कि उसके नेक कर्मों, तक़वा और इंसानियत से होती है।

उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति सच्ची नीयत और ईमानदारी के साथ हज अदा करता है, वह अपने गुनाहों से ऐसे पाक होकर लौटता है जैसे कोई नवजात शिशु। हज का सबसे बड़ा संदेश भाईचारा, अमन, मोहब्बत, सब्र, इंसाफ़ और मानव सेवा है। वर्तमान समय में समाज को इन्हीं मूल्यों की सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हाजी अपने साथ केवल ज़मज़म का पानी और खजूर ही नहीं लाते, बल्कि नेकियों, दुआओं और इंसानियत का संदेश भी लेकर लौटते हैं।

समारोह के दौरान हाजी शाहिद कुरैशी, हाजी समीर पत्रकार, हाजी आमिर साहब, हाजी हसीन खान, हाजी यामीन मंसूरी, हाजी इमरान तथा हाजी रिज़वान का साफ़ा पहनाकर सम्मान किया गया। उपस्थित लोगों ने सभी हाजियों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उनके स्वस्थ और मंगलमय जीवन की कामना की।

स्वागत समारोह में समाजवादी पार्टी महानगर उपाध्यक्ष चौधरी फरहान, ठाकुर विजय सिंह, समीर अब्बास, नितिन वर्मा, नासिर, रोहित खान, राहुल यादव और यासीन उस्मान सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor