‘गुरु’ निकला ड्रग्स का किंगपिन, 12वीं का केमिस्ट्री टीचर बना रहा था एमडी ड्रग, टीचर गिरफ्तार
आगरा में खंदौली पुलिस और नारकोटिक्स विभाग की संयुक्त कार्रवाई में एमडीएमए ड्रग्स बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने 12वीं के केमिस्ट्री शिक्षक मनोज कुमार को गिरफ्तार किया है, जो फिरोजाबाद का रहने वाला है और आगरा में किराए पर रहकर सिंथेटिक ड्रग्स बना रहा था। छापेमारी में डिस्टिल्ड वाटर, मिथाइल अमीन, हाइड्रोब्रोमिक एसिड, एथिल एसीटेट और एसीटोन सहित कई केमिकल बरामद हुए हैं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच जारी है।
आगरा में सिंथेटिक ड्रग्स लैब का खुलासा, किताबों से नहीं, केमिकल से बना रहा था नशा, आगरा में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री पकड़ी
आगरा। आगरा में सिंथेटिक ड्रग्स के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। खंदौली थाना पुलिस और नारकोटिक्स विभाग की संयुक्त कार्रवाई में एमडी ड्रग्स (MDMA) बनाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में केमिकल, उपकरण और ड्रग्स बनाने का रॉ मटेरियल बरामद किया है।
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी मनोज कुमार को गिरफ्तार किया है, जो मूल रूप से फिरोजाबाद का रहने वाला है। चौंकाने वाली बात यह है कि मनोज कुमार 12वीं कक्षा का केमिस्ट्री शिक्षक बताया जा रहा है और अपनी केमिस्ट्री की जानकारी का इस्तेमाल कर सिंथेटिक ड्रग्स बनाने का काम कर रहा था।
जानकारी के अनुसार आरोपी आगरा में किराए के मकान में रहकर गुप्त तरीके से एमडीएमए ड्रग्स तैयार कर रहा था। पुलिस को सूचना मिलने के बाद खंदौली पुलिस और नारकोटिक्स विभाग ने संयुक्त छापा मारकर इस अवैध गतिविधि का पर्दाफाश किया।
छापेमारी के दौरान मौके से बड़ी मात्रा में रासायनिक पदार्थ और उपकरण बरामद किए गए। इनमें डिस्टिल्ड वाटर, मिथाइल अमीन, हाइड्रोब्रोमिक एसिड, एथिल एसीटेट और एसीटोन जैसे केमिकल शामिल हैं, जिनका उपयोग सिंथेटिक ड्रग्स बनाने में किया जाता है। इसके अलावा एमडीएमए बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला रॉ मटेरियल भी बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार आरोपी काफी समय से इस अवैध कारोबार में लिप्त था और तैयार ड्रग्स को आसपास के जिलों में सप्लाई करने की तैयारी में था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी हो सकती है।