बरेली में जिम संचालक दरिंदा निकला, लेडी डॊक्टर को प्री-वर्कआउट ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर किया रेप, भाई ने बनाया वीडियो, इसके बाद दो साल तक ब्लैकमेल कर दुष्कर्म किया, जब 50 लाख की डिमांड की तो डॊक्टर ने ली पुलिस की शरण, दोनों भाई गिरफ्तार

-आरके सिंह- बरेली। शहर के सिविल लाइंस इलाके में स्थित एक नामी जिम की आड़ में इंसानियत को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जिम संचालक और उसके भाई ने मिलकर एक महिला डॉक्टर को नशीला पदार्थ पिलाकर दो साल तक दुष्कर्म किया, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया और लाखों रुपये की रंगदारी वसूलने की साजिश रची। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

May 6, 2026 - 21:32
 0
बरेली में जिम संचालक दरिंदा निकला, लेडी डॊक्टर को प्री-वर्कआउट ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर किया रेप, भाई ने बनाया वीडियो, इसके बाद दो साल तक ब्लैकमेल कर दुष्कर्म किया, जब 50 लाख की डिमांड की तो डॊक्टर ने ली पुलिस की शरण, दोनों भाई गिरफ्तार
लेडी डॊक्टर के साथ रेप और ब्लैकमेल करने के आरोप में बरेली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया जिम संचालक और उसका भाई।

नशे का ड्रिंक, फिर हैवानियत का खेल

पीड़ित महिला डॉक्टर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दी गई शिकायत में बताया कि वह वर्ष 2024 से सिविल लाइंस स्थित अल्टीमेट फिटनेस जिम में वर्कआउट के लिए जाती थीं। जिम संचालक अकरम बेग (47) उन्हें नियमित रूप से प्री-वर्कआउट ड्रिंक देता था। आरोप है कि कई बार इस ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाया जाता था, जिससे वह बेहोश हो जाती थीं। इसी दौरान अकरम उन्हें जिम के एक कमरे में ले जाकर दुष्कर्म करता था, जबकि उसका भाई आलम बेग (35) अश्लील वीडियो बनाता था।

वीडियो बना हथियार, इज्जत के डर से चुप रही डॉक्टर

महिला को जब इस कृत्य की भनक लगी तो उन्होंने जिम जाना बंद कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने उनका पीछा करना शुरू किया और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगे।
इज्जत बचाने के लिए महिला ने शुरुआत में करीब 80 हजार रुपये दे दिए, लेकिन आरोपियों का लालच यहीं नहीं रुका। उन्होंने 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की मांग कर दी।

एसएसपी तक पहुंची शिकायत, तुरंत एक्शन

मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में टीम ने सर्विलांस और मुखबिर की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 02 पेनड्राइव, 02 मोबाइल (आईफोन और ओप्पो), 09 शक्तिवर्धक शीशियां, 03 गोलियों वाला रैपर, 06 इंजेक्शन व शीशियां ब्लैकमेल से वसूले गए 10,000 रुपये  बरामद किए हैं।

पूछताछ में कबूला गुनाह, और महिलाओं को फंसाने की थी साजिश

पूछताछ में अकरम बेग ने स्वीकार किया कि वह जिम में आने वाली महिलाओं से नजदीकियां बढ़ाकर उन्हें नशीला ड्रिंक पिलाता था और बेहोशी की हालत में दुष्कर्म कर वीडियो बना लेता था।
आलम बेग ने भी माना कि वह इस पूरे अपराध में भाई का सहयोग करता था और दोनों मिलकर महिलाओं को फंसाने की आगे भी योजना बना रहे थे। अकरम बेग पर पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं।  आलम बेग के खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।

कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज

पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं 308(5), 64(2)(m), 78, 61(2), 351(2) सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

क्षेत्राधिकारी प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि यह मामला बेहद गंभीर है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। अन्य संभावित पीड़ितों की भी जांच की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor