आगरा के सैंया क्षेत्र में मैरिज होम के पीछे खेत में मिला अधजला शव, हत्या कर सबूत मिटाने की कोशिश? हाथ पर लिखे महिला के अधूरे नाम ने बढ़ाया रहस्य
आगरा के सैंया क्षेत्र में संकल्प मैरिज होम के पीछे खेत में अधजली हालत में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया हत्या के बाद शव को जलाकर पहचान मिटाने की कोशिश की आशंका जताई जा रही है, लेकिन शव पूरी तरह नहीं जल सका, जिससे कई अहम सुराग सामने आए हैं।
आगरा। सैंया थाना क्षेत्र में बुधवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब संकल्प मैरिज होम के पीछे खेत में एक युवक का अधजला शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। रात करीब 9 बजे स्थानीय लोगों ने खेत में शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को जानकारी दी गई। मृतक की पहचान सैंया निवासी लोकेंद्र के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच गए। शव की स्थिति बेहद संदिग्ध थी। युवक का शरीर आंशिक रूप से जला हुआ था, जिससे यह साफ प्रतीत हो रहा है कि शव को जलाकर पहचान मिटाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग पूरी तरह अपना काम नहीं कर सकी।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर क्षेत्र को घेर लिया गया और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हाथ पर लिखे नाम ने बढ़ाया रहस्य
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के हाथ पर एक महिला का नाम लिखा हुआ मिला, जो अधूरा था। इस सुराग ने पूरे मामले को और उलझा दिया है। आशंका जताई जा रही है कि यह मामला प्रेम प्रसंग, धोखा या किसी निजी रंजिश से जुड़ा हो सकता है।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि शव की शिनाख्त सैंया निवासी लोकेंद्र के रूप में हुई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर जलाया गया या फिर घटना स्थल पर ही वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। क्या यह सुनियोजित हत्या है, जिसमें पहचान मिटाने के लिए शव जलाया गया, या फिर कोई और साजिश छिपी है? पुलिस की जांच के बाद ही इस सनसनीखेज मामले से पर्दा उठ सकेगा।