हनुमान जन्मोत्सव पर फुलट्टी चौक बनेगा ‘मां अंजनी धाम’, महाकाल की पालकी और भव्य झांकियों से दिखेगा श्रद्धा का महासागर
आगरा। श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर इस वर्ष फुलट्टी चौक पूरी तरह भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आएगा। मां अंजनी धाम महोत्सव समिति की ओर से फुलट्टी चौक को मां अंजनी धाम के रूप में भव्य सजावट के साथ तैयार किया जाएगा, जहां पांच दिवसीय महोत्सव के दौरान अंजनी माता यात्रा, अखंड रामायण पाठ, सुंदरकांड, शोभायात्रा, भजन संध्या और 1100 दीपों से महाआरती जैसे धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। महोत्सव के दौरान महाकाल की पालकी के दिव्य दर्शन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेंगे।
पोस्टर विमोचन के साथ तैयारियों का आगाज
मंगलवार को फुलट्टी चौक स्थित प्राचीन मां भगवती मंदिर में मां अंजनी धाम महोत्सव समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान मुख्य अतिथि महंत गोपी गुरु की उपस्थिति में महोत्सव के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। इसी अवसर पर समिति के कार्यालय का शुभारंभ भी महंत गोपी गुरु ने फीता काटकर किया।
अंजनी माता यात्रा से होगा महोत्सव का शुभारंभ
समिति के संस्थापक कमल शर्मा पप्पू ने बताया कि राम भक्तों के सहयोग से आयोजित होने वाले इस पांच दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ 31 मार्च को सेव का बाजार से फुलट्टी चौक तक निकलने वाली अंजनी माता यात्रा से होगा। इस यात्रा में अंजनी माता का डोला निकाला जाएगा और प्राचीन मां भगवती मंदिर पर भव्य महाआरती की जाएगी।
अखंड रामायण और सुंदरकांड पाठ का आयोजन
01 अप्रैल को मंदिर परिसर में अखंड रामायण पाठ और श्रीराम परिवार का पूजन किया जाएगा। इसके बाद 02 अप्रैल को प्रातः संगीतमय सुंदरकांड पाठ, हवन, कीर्तन और आरती के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। इसी दिन शाम को अंजनी धाम से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें महाकाल की पालकी के दर्शन श्रद्धालुओं को होंगे।
हनुमान जन्मोत्सव और भजन संध्या से होगा समापन
समिति के प्रमुख सदस्य राम टंडन ने बताया कि 03 अप्रैल को अंजनी धाम पर हनुमान जन्मोत्सव का विशेष आयोजन किया जाएगा। इसके अगले दिन 04 अप्रैल को भजन संध्या, 1100 दीपों से महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ महोत्सव का भव्य समापन होगा।
समिति से जुड़े भारत भूषण गप्पी ने बताया कि 02 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर सिटी स्टेशन से निकलने वाली विशाल शोभायात्रा में शामिल गणेश जी, श्रीराम दरबार, मां काली, कैला देवी, महाकाल, खाटूश्याम जी, नंदी बाबा सहित दर्जनों झांकियों का अंजनी धाम पर समिति के पदाधिकारियों द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।
बैठक में रहे ये प्रमुख रूप से मौजूद
बैठक का संचालन राकेश भटनागर ने किया। इस अवसर पर शिरोमणि सिंह, प्रमोद गुप्ता, राकेश भटनागर, विपुल शर्मा, नवीन शर्मा, संजीव अग्रवाल, विनोद शर्मा, यादराम शर्मा, महावीर वर्मा, आशीष शर्मा, रोहित गुप्ता, शिवशंकर पुरोहित, मदन बारोलिया, शिवम् शर्मा, विजय कपूर, दीपक शर्मा, प्रवीण कन्नौजिया, ओम शर्मा, अर्जुन सिंह, कपिल नागर, सुधीर अरोड़ा, नरेश मथुरिया, अर्जित शर्मा, श्रीकांत चौहान, गोपाल बल्लभ, विशेष शर्मा सहित अनेक राम भक्त मौजूद रहे।