आगरा में स्वास्थ्य सेवा की पहल, निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 70 तक मरीजों को मिला विशेषज्ञ परामर्श

आगरा के शास्त्रीपुरम स्थित क्लैरिटी मेडिकल सेंटर में आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 60-70 मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा परामर्श दिया गया। शिविर का उद्घाटन आईएएस अधिकारी डॉ. कंचन सरन ने किया। आयोजन का उद्देश्य आम लोगों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना रहा।

May 3, 2026 - 20:32
 0
आगरा में स्वास्थ्य सेवा की पहल, निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 70 तक मरीजों को मिला विशेषज्ञ परामर्श
निःशुल्क चिकित्सा शिविर का फीता काटकर शुभारंभ करतीं आईएएस कंचन शरन।

आगरा। शहर के पश्चिमपुरी रोड, शास्त्रीपुरम स्थित क्लैरिटी मेडिकल कॉम्प्लेक्स एंड डायलिसिस सेंटर में रविवार को  निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं अपर आयुक्त, आगरा मंडल डॉ. कंचन सरन द्वारा फीता काटकर किया गया।

शिविर में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने अपनी सेवाएं दीं। इसमें वरिष्ठ जनरल फिजिशियन डॉ. एके खन्ना, डीएम नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. रोहित पुरी, एमसीएच यूरोलॉजिस्ट डॉ. रचित अरोड़ा, ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. विजय गुप्ता, प्लास्टिक सर्जन डॉ. भूपेश गोगिया, पेन मैनेजमेंट विशेषज्ञ डॉ. कार्तिक सिंघल और डेंटल रेडियोलॉजिस्ट डॉ. शारस्ती कुरुप शामिल रहे।

शिविर के दौरान लगभग 60 से 70 मरीजों ने निःशुल्क ओपीडी सेवाओं का लाभ उठाया। मरीजों को उनकी स्वास्थ्य समस्याओं के अनुसार विशेषज्ञ सलाह दी गई और आगे के उपचार के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। कई मरीजों को जीवनशैली से जुड़े सुझाव और रोगों से बचाव के उपाय भी बताए गए, जिससे शिविर का लाभ केवल उपचार तक सीमित न रहकर जागरूकता बढ़ाने में भी सहायक रहा।

संस्थान प्रबंधन ने बताया कि इस तरह के निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, खासकर उन लोगों तक जो नियमित रूप से विशेषज्ञ डॉक्टरों तक नहीं पहुंच पाते। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम जारी रखने की बात कही। इस अवसर पर रमेश श्रीवास्तव, कुणाल सिंघल, यतेंद्र बंसल, पंकज शर्मा, शिवकुमार, अंजली वर्मा और ऋषभ सहित अन्य भी उपस्थित रहे और आयोजन की सराहना की।