हीट वेव से हाहाकार, आगरा में सड़कों पर सन्नाटा, प्रशासन ने संभाली कमान,राहत कार्यों को ₹33 लाख जारी

आगरा में भीषण गर्मी और हीट वेव अलर्ट के बाद जिला प्रशासन अलर्ट पर है। राहत कार्यों के लिए ₹33 लाख जारी किए गए हैं। बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर शेड व ग्रीन नेट लगाए जा रहे हैं, जबकि जरूरत पड़ने पर पानी के टैंकर और कूलर भी लगाए जाएंगे। सरकारी अस्पतालों और एसएन मेडिकल कॉलेज में हीट स्ट्रोक वार्ड तैयार किए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और शरीर को हाइड्रेट रखने की अपील की है।

May 19, 2026 - 14:41
 0
हीट वेव से हाहाकार, आगरा में सड़कों पर सन्नाटा, प्रशासन ने संभाली कमान,राहत कार्यों को ₹33 लाख जारी
हीट वेव से बचाव के लिए किए जा रहे राहत कार्यों के बारे में जानकारी देते जिलाधिकारी मनीष बंसल।

आगरा। आगरा में लगातार बढ़ते तापमान और मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि अगले 24 घंटे के साथ आने वाले दिनों में भीषण हीट वेव की आशंका जताई गई है। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते शहर की सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है, जबकि लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।

भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन पहले ही नर्सरी से 12वीं तक के सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश कल ही जारी कर चुका था । बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया था , ताकि लू और हीट स्ट्रोक के खतरे से बचाव किया जा सके।

जिलाधिकारी ने बताया कि राहत और बचाव कार्यों के लिए ₹33 लाख की धनराशि जारी कर दी गई है। शहर के प्रमुख बाजारों, मंडियों, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को धूप से राहत देने के लिए ग्रीन नेट और अस्थायी शेड लगाने की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर सार्वजनिक स्थानों पर पानी के टैंकर, कूलर और पेयजल की अतिरिक्त व्यवस्था भी कराई जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग को भी विशेष निर्देश दिए गए हैं। सरकारी अस्पतालों और एसएन मेडिकल कॉलेज में हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए विशेष वार्ड तैयार किए गए हैं। डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने लोगों से अपील की है कि बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। बाहर निकलते समय सिर को कपड़े या टोपी से ढकें, पर्याप्त मात्रा में पानी साथ रखें और शरीर को लगातार हाइड्रेट रखें। प्रशासन ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।