होली मिलन में यूजीसी मुद्दे पर वैश्य समाज के मंच पर तीखा टकराव, कार्यक्रम जल्द समेटना पड़ा

आगरा। ट्रांस यमुना कॉलोनी स्थित लक्ष्मी वाटिका में भारत रक्षा मंच के तत्वावधान में आयोजित होली मिलन समारोह उस समय विवाद और हंगामे में बदल गया, जब यूजीसी के विरोध में चल रहे आंदोलन में खुलकर भागीदारी के आह्वान को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि मंच पर ही तीखी बहस और नोकझोंक शुरू हो गई। हालांकि समय रहते कार्यक्रम को संक्षिप्त कर मामला शांत करा दिया गया।

Mar 3, 2026 - 18:52
 0
होली मिलन में यूजीसी मुद्दे पर वैश्य समाज के मंच पर तीखा टकराव, कार्यक्रम जल्द समेटना पड़ा
यही है ट्रांस यमुना क्षेत्र में आयोजित वह होली मिलन समारोह, जहां यूजीसी नियमों को लेकर टकराव के हालात बन गये।

कार्यक्रम का आयोजन वैश्य समाज संगठन द्वारा किया गया था। समारोह के दौरान यूजीसी के विरोध में आंदोलन में खुलकर शामिल होने की अपील की गई। इसी मुद्दे पर विष्णु गुप्ता एडवोकेट और भारत सिंह एडवोकेट के बीच तीखा टकराव हो गया। दोनों पक्षों के समर्थक भी सक्रिय हो गए, जिससे माहौल गरमा गया और हंगामे की स्थिति बन गई।

स्थिति बिगड़ती देख संगठन से जुड़े कृष्ण मुरारी माहेश्वरी एडवोकेट ने तत्परता दिखाते हुए कार्यक्रम को तत्काल समेटने का निर्णय लिया। अध्यक्षीय भाषण कराकर समारोह को औपचारिक रूप से समाप्त घोषित किया गया, जिससे संभावित टकराव टल गया और माहौल शांत हो सका।

कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामकुमार शर्मा, पूर्व पार्षद मोहन गुप्ता, जेडी शर्मा, कृष्ण मुरारी माहेश्वरी एडवोकेट, ठाकुर श्रीनिवास गुप्ता, मनोज अग्रवाल (प्रदेश अध्यक्ष, हिंदू कल्याण महासभा), पंकज गुप्ता, गुड्डू परिहार, रूप सिंह, सचिन गुप्ता, श्री भगवान गुप्ता, पुनीत, हर्ष माहेश्वरी, धर्मेंद्र राजपूत, आर.पी. शर्मा और पुष्पराज शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

होली मिलन जैसे सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन में राजनीतिक मुद्दे की एंट्री ने कार्यक्रम की गरिमा पर सवाल खड़े कर दिए। हालांकि किसी प्रकार की शारीरिक झड़प नहीं हुई, लेकिन मंच पर हुआ यह टकराव शहर की सियासी हलचल का संकेत जरूर दे गया।

SP_Singh AURGURU Editor