सिस्टर सिटीज इंटरनेशनल प्रोग्राम के तहत आगरा पहुंचा हाई लेवल अमेरिकी डेलीगेशन, सतत शहरी विकास और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी पर होगा मंथन

सिस्टर सिटीज इंटरनेशनल प्रोग्राम के तहत यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका से आए 15 सदस्यीय हाई लेवल डेलीगेशन ने गुरुवार को आगरा पहुंचकर ताजनगरी के वैश्विक महत्व को नई पहचान दी है। तीन दिवसीय प्रवास के दौरान यह डेलीगेशन आगरा के सतत शहरी विकास, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और वैश्विक शहरों के निर्माण को लेकर महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, नगर निगम के अधिकारियों और शहर के गणमान्य लोगों के साथ विस्तृत चर्चा करेगा।

Mar 12, 2026 - 20:01
 0
सिस्टर सिटीज इंटरनेशनल प्रोग्राम के तहत आगरा पहुंचा हाई लेवल अमेरिकी डेलीगेशन, सतत शहरी विकास और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी पर होगा मंथन
सिस्टर सिटीज इंटरनेशनल प्रोग्राम के तहत गुरुवार को आगरा पहुंचे अमेरिकी डेलीगेशन के सदस्य।

आगरा। सिस्टर सिटीज इंटरनेशनल प्रोग्राम के अंतर्गत अमेरिका के एरिजोना राज्य के टेम्पे शहर से आया 15 सदस्यीय हाई लेवल अमेरिकी डेलीगेशन गुरुवार को आगरा पहुंचा। यह डेलीगेशन अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान ताजनगरी में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण करेगा और सतत शहरी विकास के लक्ष्यों पर चर्चा करेगा।

महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने बताया कि बीते वर्ष वह इसी कार्यक्रम के अंतर्गत रूस के कजान शहर गई थीं, जहां इस अंतरराष्ट्रीय सहयोग की रूपरेखा तैयार की गई थी। वहीं पर अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल को आगरा आकर यहां के विकास कार्यों का अवलोकन करने और उनके अनुभव साझा करने के लिए आमंत्रित किया गया था।

सतत विकास और वैश्विक साझेदारी पर चर्चा

महापौर ने बताया कि अमेरिका के टेम्पे शहर से आया यह डेलीगेशन आगरा नगर निगम के साथ शहरी विकास, सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति और वैश्विक शहरों के निर्माण को लेकर विस्तृत चर्चा करेगा।

इस दौरान महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, नगर निगम के अधिकारी और शहर के गणमान्य नागरिक प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक करेंगे। साथ ही शैक्षणिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए एक्सचेंज प्रोग्राम पर भी सहमति बन सकती है, जिससे दोनों शहरों के बीच सहयोग को नई दिशा मिलेगी।

डेलीगेशन अपने प्रवास के दौरान आगरा में चल रहे शहरी विकास और आधारभूत ढांचे के कार्यों का भी निरीक्षण करेगा। इससे वैश्विक स्तर पर शहरों के विकास के अनुभवों का आदान-प्रदान संभव हो सकेगा।

आगरा पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत

अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल अपने दौरे के पहले दिन दिल्ली से सड़क मार्ग से आगरा पहुंचा। आगरा पहुंचने पर हर्ष दिवाकर, डॉ. रोहित बंसल और डॉ. संदीप अग्रवाल सहित अन्य लोगों ने उनका स्वागत किया। वहीं प्रो. डी.के. हाजरा ने अतिथियों को सम्मानित किया।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने पुरुषोत्तम दास सावित्रीबाई कैंसर हॉस्पिटल का भ्रमण किया और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यों की जानकारी ली।

ताजमहल की खूबसूरती से प्रभावित हुए मेहमान

शाम के समय अमेरिकी डेलीगेशन ने ताजमहल का दीदार किया। ताजमहल की भव्यता और सुंदरता को देखकर डेलीगेशन के सदस्य बेहद प्रभावित नजर आए। उन्होंने यहां स्मृति स्वरूप तस्वीरें खिंचवाईं और आगरा के आतिथ्य की सराहना की।

बैठक और सांस्कृतिक भ्रमण का कार्यक्रम

दौरे के दूसरे दिन डेलीगेशन होटल क्लार्क शिराज में आयोजित बैठक में शामिल होगा, जहां वैश्विक शहरों के सतत विकास लक्ष्यों पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद शाम को ताज खेमा में हाई टी और सांस्कृतिक भ्रमण का कार्यक्रम रखा गया है।

आगरा प्रवास के तीसरे दिन अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल आगरा फोर्ट, एत्माद्दौला और गुरुद्वारा गुरु का ताल सहित कई ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का भ्रमण करेगा।

इसके बाद चौथे दिन सुबह डेलीगेशन फतेहपुर सीकरी का भ्रमण करते हुए जयपुर के लिए रवाना हो जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor