आगरा के मनसुखपुरा क्षेत्र में गाय से टकराई तेज रफ्तार बाइक, युवक का करुणांत

आगरा। थाना मनसुखपुरा क्षेत्र में आवारा पशु एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। मंहगोली के पास सड़क पर अचानक आई गाय से बाइक टकराने से हुए हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे ने प्रशासन की लापरवाही और सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं के खतरे को फिर उजागर कर दिया है।

Apr 27, 2026 - 11:51
 0
आगरा के मनसुखपुरा क्षेत्र में गाय से टकराई तेज रफ्तार बाइक, युवक का करुणांत

जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय युवक दिलीप पुत्र हरिप्रसाद देवगढ़ गांव में एक बरात में शामिल होने आया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह देर रात अपने घर लौट रहा था। जैसे ही उसकी बाइक मंहगोली के पास पहुंची, अचानक सड़क पर घूम रही एक गाय सामने आ गई। तेज रफ्तार के कारण युवक बाइक नियंत्रित नहीं कर सका और उसकी बाइक गाय से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि दिलीप गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

राहगीरों ने दिलीप को सड़क पर घायल पड़े देखा तो तुरंत डायल 112 और एम्बुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने घायल युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना मनसुखपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से आवारा पशु सड़कों पर घूम रहे हैं, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा, जिसका खामियाजा अब एक युवक को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा।

SP_Singh AURGURU Editor