आगरा में ग्वालियर हाईवे पर मौत का तांडव, तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दंपत्ति को कुचला

आगरा के ग्वालियर हाईवे पर मलपुरा क्षेत्र के इटौरा गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दंपती को कुचल दिया। गंभीर हालत में दोनों को एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद डंपर चालक फरार हो गया है, पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

Feb 25, 2026 - 22:20
 0
आगरा में ग्वालियर हाईवे पर मौत का तांडव, तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दंपत्ति  को कुचला
इमेज फोटो

आगरा। ग्वालियर हाईवे पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। ग्वालियर हाईवे पर थाना मलपुरा क्षेत्र के इटौरा गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दंपत्ति को रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

तेज रफ्तार ने छीनी दो जिंदगियां

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दंपत्ति बाइक से कहीं जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस से एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

चालक डंपर छोड़कर फरार

हादसे के बाद डंपर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और चालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की तैयारी है।