आगरा में फतेहाबाद रोड पर ‘हाई वोल्टेज’ हंगामा: छेड़छाड़ करने वालों से भिड़ीं तीन युवतियां, सड़क पर ही युवकों की कर दी पिटाई, वीडियो वायरल

आगरा। शहर के फतेहाबाद रोड स्थित सेल्फी पॉइंट के पास शुक्रवार शाम को उस वक्त अफरा-तफरी फैल गई, जब स्कूटी सवार तीन युवतियों और कार सवार युवकों के बीच छेड़छाड़ के आरोप को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि सड़क पर ही मारपीट शुरू हो गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Mar 20, 2026 - 14:09
Mar 20, 2026 - 14:10
 0
आगरा में फतेहाबाद रोड पर ‘हाई वोल्टेज’ हंगामा: छेड़छाड़ करने वालों से भिड़ीं तीन युवतियां, सड़क पर ही युवकों की कर दी पिटाई, वीडियो वायरल
फतेहाबाद रोड स्थित सेल्फी प्वाइंट पर युवकों और युवतियों के बीच चल रही बहस के दौरान मौके पर मौजूद लोग।

मामला फतेहाबाद के सेल्फी पॉइंट के पास का बताया जा रहा है, जो ताजगंज थाना क्षेत्र में आता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी पर सवार तीन युवतियों का कार सवार कुछ युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

युवतियों ने आरोप लगाया कि कार सवार युवकों ने उनके साथ छेड़छाड़ की, जिसके बाद मौके पर ही तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह बहस उग्र रूप में बदल गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

गुस्साई युवतियों ने सड़क पर ही युवकों की पिटाई कर दी, जिससे मौके पर भारी भीड़ जुट गई। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि दोनों पक्षों के युवक और युवतियां कौन थे। 

घटना के दौरान कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश भी की, लेकिन माहौल काफी देर तक तनावपूर्ण बना रहा। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे पूरे शहर में इस घटना की चर्चा होने लगी।

फिलहाल पुलिस मामले की इस मामले में एंट्री नहीं हुई है। समझा जाता है कि दोनों में से कोई पक्ष पुलिस के पास नहीं पहुंचा है। संभव है कि वीडियो के आधार पर पुलिस संबंधित पक्षों की पहचान कर आगे की कार्रवाई करे।

SP_Singh AURGURU Editor