30 जून को एत्मादपुर में होगा ऐतिहासिक आयोजन, लोस अध्यक्ष ओम बिरला और सीएम फडणवीस होंगे शामिल

आगरा के एत्मादपुर में 30 जून को लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती भव्य स्तर पर मनाई जाएगी। समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि होंगे, जबकि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस लोकमाता की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने बताया कि 50 हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है और कार्यक्रम पूरी तरह सामाजिक स्वरूप का होगा।

Jun 27, 2026 - 20:26
 0
30 जून को एत्मादपुर में होगा ऐतिहासिक आयोजन, लोस अध्यक्ष ओम बिरला और सीएम फडणवीस होंगे शामिल
कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन करते केन्द्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल।

लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती का भव्य आयोजन, 50 हजार से अधिक लोगों के जुटने की तैयारी

आगरा। एत्मादपुर स्थित मॉडल स्कूल मैदान में 30 जून को लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती भव्य स्तर पर मनाई जाएगी। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की भव्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे। महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति राम शिंदे समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इस संबंध में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने आगरा के एत्मादपुर स्थित राष्ट्रदीप होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।

प्रो. बघेल ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर केवल पाल, बघेल और धनगर समाज की प्रेरणा नहीं हैं, बल्कि उन्होंने अपने शासनकाल में सर्वसमाज के कल्याण के लिए कार्य किया। उन्होंने देशभर में हजारों मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया, जिनमें काशी विश्वनाथ मंदिर सहित कई प्रमुख ज्योतिर्लिंग भी शामिल हैं। उनका जीवन सेवा, सुशासन और जनकल्याण का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि लोकमाता के व्यक्तित्व और कृतित्व से नई पीढ़ी को परिचित कराने के उद्देश्य से हर वर्ष बड़े स्तर पर जयंती समारोह आयोजित किया जाता है।

पिछले वर्ष बना था रिकॉर्ड, इस बार भी भव्य तैयारी

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष आगरा के जीआईसी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया था। उस समारोह में तत्कालीन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति राम शिंदे समेत अनेक सांसद, विधायक और सामाजिक प्रतिनिधि शामिल हुए थे। उन्होंने बताया कि इसी तर्ज पर इस वर्ष भी एत्मादपुर में भव्य आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लेकर अंतिम निर्णय उनके 28 जून के आगरा दौरे के बाद तय होगा।

125 से अधिक गांवों में पहुंचकर दिया निमंत्रण

प्रो. बघेल ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उन्होंने और उनके परिजनों ने एत्मादपुर, टूंडला और जलेसर विधानसभा क्षेत्रों के साथ-साथ आगरा और फिरोजाबाद जिले के 125 से अधिक गांवों का दौरा कर लोगों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग बसों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और निजी वाहनों से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे।

50 हजार लोगों के लिए विशेष इंतजाम

कार्यक्रम में भीषण गर्मी को देखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। लगभग 50 हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाला विशाल पंडाल तैयार किया गया है। दो आधुनिक जर्मन हैंगर लगाए गए हैं, जिनमें पर्याप्त संख्या में पंखे और बड़े वाटर कूलर लगाए जाएंगे ताकि लोगों को गर्मी से राहत मिल सके। पेयजल, बैठने और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी विशेष व्यवस्था की गई है।

'यह राजनीतिक नहीं, सामाजिक कार्यक्रम है'- बघेल 

प्रो. एसपी सिंह बघेल ने स्पष्ट कहा कि यह आयोजन किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक सम्मान का आयोजन है। इसमें सभी राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों, समर्थकों और समाज के विभिन्न वर्गों को आमंत्रित किया गया है। आगरा के सभी जनप्रतिनिधियों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे आयोजन का खर्च और व्यवस्थाएं निजी स्तर पर की जा रही हैं। न तो पिछले वर्ष शासन से सहयोग लिया गया था और न ही इस बार लिया जा रहा है। प्रचार-प्रसार से लेकर आयोजन की सभी व्यवस्थाएं स्वयं और समाज के सहयोग से की गई हैं।

पत्रकार वार्ता में दिगम्बर सिंह धाकरे, गौरव शर्मा, नवीन गौतम, रोहित कत्याल, ब्रज मोहन धनगर, हरिओम बघेल, स्वदेश बघेल, दीपक बघेल, राकेश बघेल, विजय बघेल, डी.पी. सिंह फौजी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।