सूरसदन में जीवंत हुआ संघ स्थापना का इतिहास, डॉ. हेडगेवार महानाट्य ने राष्ट्रभक्ति से सराबोर किया वातावरण, 50 से अधिक कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय ने दर्शकों को बांधा, शताब्दी वर्ष पर संघ की प्रेरक यात्रा का भव्य मंचन

आगरा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में डॉ. हेडगेवार महा नाट्य आयोजन समिति एवं भारत विकास परिषद संकल्प, आगरा ब्रज प्रांत के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को सूरसदन प्रेक्षागृह में भव्य महानाट्य "युगप्रवर्तक डॉ. हेडगेवार : संघ सृजन का भाव नाट्य आविष्कार" का सफल मंचन किया गया। लगभग 50 कलाकारों की टीम द्वारा प्रस्तुत इस ऐतिहासिक महानाट्य ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक परम पूज्य डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन, राष्ट्रचिंतन, संघर्ष, त्याग और संगठन निर्माण की गौरवगाथा को मंच पर सजीव कर दिया। लगभग दो घंटे दस मिनट तक चले मंचन के दौरान पूरा प्रेक्षागृह राष्ट्रभक्ति और प्रेरणा के वातावरण से ओत-प्रोत रहा।

Jun 21, 2026 - 20:29
 0
सूरसदन में जीवंत हुआ संघ स्थापना का इतिहास, डॉ. हेडगेवार महानाट्य ने राष्ट्रभक्ति से सराबोर किया वातावरण, 50 से अधिक कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय ने दर्शकों को बांधा, शताब्दी वर्ष पर संघ की प्रेरक यात्रा का भव्य मंचन
सूरसदन प्रेक्षागृह में आयोजित महानाट्य "युगप्रवर्तक डॉ. हेडगेवार : संघ सृजन का भाव नाट्य आविष्कार" के दौरान डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन, राष्ट्रचिंतन और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की ऐतिहासिक यात्रा का मंचन करते कलाकार।

कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य लोग। 

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन

एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के ब्रज प्रांत के प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र जी ने कहा कि डॉ. हेडगेवार ने केवल एक संगठन की स्थापना नहीं की, बल्कि राष्ट्र पुनर्निर्माण का ऐसा व्यापक आंदोलन प्रारंभ किया जिसने समाज जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि संघ का मूल उद्देश्य व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण है और आज लाखों स्वयंसेवक इसी भावना के साथ समाज सेवा में कार्यरत हैं।

कार्यक्रम के उद्घाटक कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, कुलपति प्रो. आशु रानी, अखिल भारतीय गौ सेवा प्रमुख अजीत महापात्र तथा वरिष्ठ समाजसेवी किशोर खन्ना ने कहा कि डॉ. हेडगेवार का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, संगठन क्षमता और सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण है। उनकी दूरदृष्टि, त्याग और राष्ट्र समर्पण के कारण आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विश्व का सबसे बड़ा स्वयंसेवी संगठन बन सका है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पादुका एवं चर्म उद्योग विकास परिषद के अध्यक्ष पूरन डावर ने कहा कि ऐसे महानाट्य नई पीढ़ी को राष्ट्रनायकों के जीवन, विचारों और आदर्शों से परिचित कराने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने इस सांस्कृतिक प्रयास के लिए आयोजन समिति को बधाई दी।

महानाट्य में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के बाल्यकाल से लेकर युवावस्था, राष्ट्रवादी चिंतन, अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष, क्रांतिकारी गतिविधियों में सहभागिता तथा चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के बाद राष्ट्रसेवा को जीवन का लक्ष्य बनाने तक की यात्रा को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। मंचन में यह भी दर्शाया गया कि किस प्रकार समाज को संगठित करने और राष्ट्रीय चेतना जागृत करने के उद्देश्य से उन्होंने वर्ष 1925 में विजयादशमी के दिन नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की।

महानाट्य में संघ की प्रारंभिक शाखाओं, स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण, सेवा कार्यों तथा संगठन के निरंतर विस्तार की प्रेरणादायी यात्रा को भी प्रभावशाली ढंग से मंचित किया गया। कलाकारों के सशक्त अभिनय, प्रभावपूर्ण संवाद, भव्य मंच सज्जा, उत्कृष्ट प्रकाश व्यवस्था और संगीत ने पूरे प्रस्तुतीकरण को जीवंत बना दिया।

महाराष्ट्र के प्रसिद्ध रंगकर्मी सतीश खेकाले ने डॉ. हेडगेवार की भूमिका में अपने सशक्त अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने डॉ. हेडगेवार के बाल्यकाल, युवावस्था, प्रौढ़ जीवन और अंतिम समय तक के व्यक्तित्व को इतनी जीवंतता से मंच पर उतारा कि दर्शक स्वयं को उस ऐतिहासिक कालखंड का हिस्सा महसूस करने लगे। अनेक दृश्यों पर प्रेक्षागृह तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम के स्वागताध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम समन्वयक एवं भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय सहसंयोजक डॉ. तरुण शर्मा ने कलाकारों, अतिथियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष में यह महानाट्य समाज को संघ की प्रेरणादायी यात्रा और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान से परिचित कराने का महत्वपूर्ण प्रयास है। कार्यक्रम का संचालन रीनेश मित्तल ने किया।

कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी

इस अवसर पर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ. जी.एस. धर्मेश, डॉ. धर्मपाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, आयोजन समिति से डॉ. रंजना बंसल, डॉ. सुशील गुप्ता, संतोष शर्मा, सुरेश चंद्र गर्ग, वीरेंद्र सिंघल, मुकेश गुप्ता, सिद्धार्थ बंसल, भोला प्रसाद, राकेश अग्रवाल, मोहित गोयल, विनय सिंघल, प्रमोद अग्रवाल, मनोज बंसल, शिवांग खंडेलवाल, प्रांतीय संरक्षक डॉ. कैलाश चंद सारस्वत, प्रांतीय संयोजक सेवा टीटू गोयल, भारत विकास परिषद संकल्प शाखा के अध्यक्ष आशीष अग्रवाल, प्रशांत शर्मा, रोहित पुरी, मनोज गोला, विष्णु गर्ग, हर्ष बक्शी, तुषार जैन, संजय कपूर, विजय जैन, वर्षा जैन, रूबी मोदी, अंजना शर्मा, राजीव अग्रवाल, डॉ. विकास जैन, वैभव गुप्ता, लखन सिंह, नवल किशोर अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor