होली मिलन समारोहों में फूलों की होली और कवि सम्मेलन से सजा उत्सवी माहौल

आगरा। होली के पावन पर्व पर शहर में रंग, उमंग और आपसी सौहार्द का अनूठा संगम देखने को मिला। विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों द्वारा आयोजित होली मिलन समारोहों में फूलों की होली, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और कवि सम्मेलन के माध्यम से प्रेम, भाईचारे और परंपरा का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों में जहां एक ओर ब्रज के पारंपरिक गीतों पर जमकर हुड़दंग हुआ, वहीं दूसरी ओर कवियों की ओजस्वी और हास्य रचनाओं ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

Mar 15, 2026 - 22:15
 0
होली मिलन समारोहों में फूलों की होली और कवि सम्मेलन से सजा उत्सवी माहौल
अग्रवाल संगठन रामबाग द्वारा होली मिलन एवं सम्मान समारोह की एक झलक।

अग्रवाल संगठन रामबाग के होली मिलन में बिखरे फूलों के रंग और चंदन की महक

आगरा में अग्रवाल संगठन रामबाग द्वारा होली मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में रंगों के साथ चंदन और फूलों की महक ने माहौल को और भी आनंदमय बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुरेश चंद्र गर्ग, विशिष्ट अतिथि एमपी अग्रवाल और नितिन गोयल ने मां सरस्वती और महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

संगठन की अध्यक्ष निशा बंसल ने अतिथियों का चंदन तिलक लगाकर स्वागत किया और होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सनातन के तीज-त्योहारों की परंपरा और महत्व से नई पीढ़ी को अवगत कराना आवश्यक है।

इस अवसर पर अग्र माता-पिता के रूप में रामस्वरूप अग्रवाल और श्रीमती लीला देवी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही समिति के संरक्षकों और महिला सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सरस्वती वंदना के बाद समिति की महिलाओं और परिवारजनों ने “आज बिरज में होरी रे रसिया…”, “कान्हा बरसाने में आ जइयो…”, “वृंदावन जाऊंगी सखी…”, “होरी मैं तो खेलूं सांवरिया के संग…” और “रंग मत डाले रे सांवरिया…” जैसे ब्रज के पारंपरिक गीतों पर नृत्य कर होली का उत्सव मनाया। फूलों की होली ने कार्यक्रम को और भी भक्तिमय और आनंदमय बना दिया।

इस अवसर पर सतीश गर्ग, विनय अग्रवाल, लाजपत अग्रवाल, प्रदीप गोयल, शम्भू अग्रवाल, डॉ. जय कुमार गोयल, ओमप्रकाश गोयल, गोपाल गर्ग, शिव, अंकुर मोनू, सुनीता, नीलम, संतोष, निर्मला, प्रशान्त अग्रवाल, नरेश अग्रवाल और नरेन्द्र गोयल सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

कांग्रेस कमेटी के होली मिलन में कवियों की ओजस्वी प्रस्तुति ने बांधा समां

शहर और जिला कांग्रेस के होली मिलन समारोह में मौजूद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता।

शहर और जिला कांग्रेस कमेटी आगरा द्वारा रंगारंग होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिलाध्यक्ष रामनाथ सिकरवार और शहर अध्यक्ष अमित सिंह के नेतृत्व में आयोजित हुआ।

इस अवसर पर फूलों की होली खेली गई और कवि सम्मेलन का आयोजन भी किया गया, जिसमें कवियों ने हास्य, वीर रस और समसामयिक राजनीति पर व्यंग्य करते हुए अपनी ओजस्वी कविताएं प्रस्तुत कीं।

कवि सम्मेलन में मेघा चौधरी (मथुरा), दीपक शर्मा (मथुरा) और अलीगढ़ से आए कवियों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं और अन्य दलों के नेताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रमाशंकर शर्मा एडवोकेट, अरुण कुमार शर्मा, पवन कुमार शर्मा, राम दत्त दिवाकर एडवोकेट, नवीन गर्ग, प्रकाश चंद दुबे, धर्मवीर शर्मा, मनोज बोहरा, सचिन चौधरी और कुलदीप भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी, लोकदल और अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी भाग लेकर आपसी सौहार्द का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस के प्रवक्ता सत्येंद्र दुबे ने किया।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor