आगरा शहर और देहात में तीन हजार से अधिक स्थानों पर हुआ होलिका दहन, पुलिस की रही कड़ी निगरानी

आगरा। रंगों के महापर्व होली की पूर्व संध्या पर जनपद आगरा में आस्था, उल्लास और परंपरा का भव्य संगम देखने को मिला। आज शाम शुभ मुहूर्त में जिले भर में तीन हजार से अधिक स्थानों पर होलिका दहन किया गया। शहरी क्षेत्र में 1136, देहात के पश्चिमी जोन में 1065 और पूर्वी जोन में 961 स्थानों पर विधिवत होलिका दहन सम्पन्न हुआ।

Mar 2, 2026 - 22:36
 0
आगरा शहर और देहात में तीन हजार से अधिक स्थानों पर हुआ होलिका दहन, पुलिस की रही कड़ी निगरानी
सोमवार शाम हुए होलिका दहन का एक चित्र।

पंचवटी कॊलोनी में होलिका दहन के दौरान मौजूद स्थानीय नागरिक खुशियां मनाते हुए। 

शहर के मोहल्लों, कॉलोनियों और बस्तियों में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। होलिका मैया की जय के जयकारों के बीच परंपरानुसार गेहूं-जौ की बालियां भूनी गईं और लोगों ने एक-दूसरे को भेंट कर शुभकामनाएं दीं। ग्रामीण अंचलों में भी यही उत्साह और परंपरागत उल्लास देखने को मिला, जहां सामूहिक सहभागिता के साथ दहन सम्पन्न हुआ।

किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए थाना पुलिस अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करती रही। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर पहले से ही सेक्टर-वाइज सुरक्षा स्कीम लागू थी। न केवल थानों के पुलिसकर्मी, बल्कि वरिष्ठ अधिकारी भी फील्ड में मौजूद रहे और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बनाए रखी।

होलिका दहन के दौरान लोग आपसी वैमनस्य भुलाकर गले मिले, मिठाइयों और शुभेच्छाओं का आदान-प्रदान किया। समूचा शहर सौहार्द, शांति और परंपरा के रंग में रंगा नजर आया।

पार्श्वनाथ पंचवटी, ताज नगरी फेस-2 स्थित पंचवटी परिवार में होली पर्व के उपलक्ष्य में श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक रंगों से सजा आयोजन देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल महिलाओं द्वारा विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होलिका पूजन से हुई। महिलाओं ने मंगल गीत गाते हुए होलिका की परिक्रमा की तथा परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगल की कामना की। पूरे वातावरण में भक्ति, आस्था और उत्सव का अनुपम संगम दिखाई दिया।

शाम के समय पंचवटी परिवार की सखियों द्वारा सामूहिक होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। रंग-गुलाल, हंसी-खुशी और आपसी प्रेम से सजे इस आयोजन में उल्लास चरम पर रहा। समारोह की विशेष आकर्षण राधा-कृष्ण की मनोहारी झांकी रही, जिसने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया और कार्यक्रम को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक ऊँचाई प्रदान की।

होलिका दहन के समय पंचवटी परिवार के सभी सदस्य एकत्रित हुए और पारंपरिक विधि से अग्नि प्रज्ज्वलित कर बुराई पर अच्छाई की विजय के इस पावन पर्व को श्रद्धापूर्वक मनाया। दहन उपरांत सभी ने एक-दूसरे को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और खुशियाँ साझा कीं।

पंचवटी परिवार के संरक्षक श्याम भोजवानी ने जानकारी दी कि 4 मार्च को प्रातः 8 बजे से पंचवटी पार्क में भव्य एवं आकर्षक रंगों की होली खेली जाएगी, जिसमें कॉलोनी के सभी परिवारजन सपरिवार सहभागिता करेंगे।

इस अवसर पर अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, संरक्षक श्याम भोजवानी, उपेंद्र सिंह, ज्ञानेंद्र अग्रवाल, रिंकू शर्मा, सुमन यादव, मीनू अग्रवाल, चाँदनी भोजवानी, सुमन चाहर, सुमन भारद्वाज, पुनीत मेहंदीरत्ता, सुशील आहूजा, एल.आर. पाठक, राजेश जैन, गुरमीत सिंह, राजकुमार, राकेश जैन, ममता एवं भूमि सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor