नेशन फर्स्ट के मंत्र के साथ पत्रकारों का सम्मान, राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका पर मंथन

विश्व संवाद केंद्र द्वारा आगरा में पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित किया गया। क्षेत्र प्रचार प्रमुख पदम सिंह ने भारतीय पत्रकारिता को राष्ट्रवाद और सामाजिक सरोकारों पर आधारित बताया। वरिष्ठ पत्रकार अमित पाण्डेय ने "नेशन फर्स्ट" के सिद्धांत पर चलते हुए निष्पक्ष पत्रकारिता का आह्वान किया। समारोह में विभिन्न पत्रकारों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समाज, मीडिया और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।

Jun 21, 2026 - 20:03
 0
नेशन फर्स्ट के मंत्र के साथ पत्रकारों का सम्मान, राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका पर मंथन
विश्व संवाद केंद्र द्वारा आयोजित पत्रकार सम्मान समारोह का दीप जलाकर शुभारंभ करते अतिथि।

विश्व संवाद केंद्र के पत्रकार सम्मान समारोह में सत्यनिष्ठ पत्रकारिता और राष्ट्रीय सरोकारों पर हुई चर्चा

आगरा। विश्व संवाद केंद्र द्वारा आयोजित पत्रकार सम्मान समारोह में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका और सत्यनिष्ठ पत्रकारिता के महत्व पर व्यापक चर्चा हुई। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों ने सहभागिता करते हुए पत्रकारिता के उच्च आदर्शों को समाज और राष्ट्र के लिए आवश्यक बताया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का स्वागत एवं परिचय कराया गया। समारोह में पत्रकारिता जगत से जुड़े अनेक व्यक्तित्वों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

मुख्य वक्ता क्षेत्र प्रचार प्रमुख पदम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय पत्रकारिता की आत्मा राष्ट्रवाद, सत्य और सामाजिक सरोकारों में निहित है। उन्होंने कहा कि भारतीय पत्रकारिता और विदेशी पत्रकारिता के दृष्टिकोण में मूलभूत अंतर है। भारतीय पत्रकारिता ने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर राष्ट्र निर्माण तक समाज को दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का दायित्व केवल समाचारों का प्रसारण नहीं, बल्कि समाज को जागरूक और सकारात्मक दिशा प्रदान करना भी है।

उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की 100 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सफर धैर्य, समर्पण और समाज सेवा की भावना का प्रतीक है। संघ ने अपने शताब्दी वर्ष तक की यात्रा में राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं नेटवर्क-18 के वरिष्ठ पत्रकार अमित पाण्डेय ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने पत्रकारों से आह्वान किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन करते समय "नेशन फर्स्ट " के सिद्धांत को सर्वोपरि रखें। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, तथ्यपरक और उत्तरदायी पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती का आधार है तथा मीडिया को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।

समारोह की अध्यक्षता डॉ. अशोक रैना ने की। उन्होंने पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने और नई पीढ़ी के पत्रकारों को सत्य एवं निष्पक्षता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों एवं पत्रकार बंधुओं का धन्यवाद हेमंत उपाध्याय ने ज्ञापित किया। मंच संचालन अशोक चौबे एवं सीए संजीव सिंह ने संयुक्त रूप से किया।

समारोह में प्रमुख रूप से कीर्ति जी (प्रांत प्रचार प्रमुख), मनमोहन निरंकारी (सह प्रांत प्रचार प्रमुख), सीए पंकज मिश्रा, विजय गोयल, दिनेश शर्मा, रजत सिंघल, डॉ. राहुल कप्तान, विनीत शर्मा, मनी चड्ढा, अभिषेक फौजदार, राजीव एवं अनुज सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, प्रबुद्ध नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।