आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फिरोजाबाद जिले में भीषण हादसा, रात दो बजे एसी बस पहले पीछे से डंपर में घुसी और फिर उसमें आग लग गई, सीट पर जिंदा जल गया ड्राइवर, दो दर्जन से ज्यादा यात्री घायल
फिरोजाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब दो बजे ऐसा भयावह हादसा हुआ, जिसने हर किसी को झकझोर दिया। मटसैना थाना क्षेत्र में दिल्ली की ओर जा रही एक एसी बस सड़क पर खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ ही सेकंड में बस आग का गोला बन गई। अंदर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। जान बचाने के लिए यात्री खिड़कियों और दरवाजों से कूदने लगे। इस दर्दनाक हादसे में बस चालक शंभू की सीट पर बैठे-बैठे ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि परिचालक समेत दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। पूरी बस जलकर राख हो गई।

डिवाइडर पर चढ़ा डंपर बना मौत का कारण
जानकारी के अनुसार एसी बस कानपुर की ओर से दिल्ली जा रही थी। बस में करीब 38 यात्री सवार थे। मटसैना थाना क्षेत्र में एक डंपर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एसी बस चालक को अंधेरे में डंपर दिखाई नहीं दिया और बस सीधे पीछे से उसमें जा भिड़ी। टक्कर होते ही बस में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई, क्योंकि एक्सीडेंट में कई यात्रियों को चोटें आई थीं और वे बाहर नहीं निकल पा रहे थे।
चीख-पुकार के बीच यात्रियों ने बचाई जान
बस में धुआं भरते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री टक्कर में घायल हो चुके थे, लेकिन सामने धधकती आग देखकर सभी जान बचाने के लिए बाहर भागने लगे। आसपास के ग्रामीण तेज धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंच गए और उन्होंने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। कई यात्रियों को खिड़कियों से बाहर निकाला गया।
आग की लपटों में घिरा चालक, नहीं मिला बाहर निकलने का मौका
सूचना मिलते ही फायर सर्विस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जब आग पूरी तरह बुझी तो फायर कर्मियों ने बस के अंदर मुआयना किया। ड्राइविंग सीट पर चालक शंभू का जला हुआ शव स्टेयरिंग में फंसा मिला। हालत इतनी भयावह थी कि शरीर के नाम पर सिर्फ कंकाल बचा था। माना जा रहा है कि टक्कर के बाद चालक सीट में फंस गया और उसे बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जुटी रही पुलिस
मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीमों ने घायल यात्रियों को तत्काल फिरोजाबाद के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया। कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।
कंडक्टर ने खोली हादसे की वजह
बस के परिचालक ने बताया कि डंपर सड़क पर खड़ा हुआ था। रात का समय होने के कारण चालक उसे समय रहते देख नहीं सका और बस सीधे पीछे से जा टकराई। हादसे के बाद कुछ ही पलों में आग फैल गई, जिससे स्थिति भयावह हो गई।
एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर खड़े भारी वाहनों और रात में सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है। सवाल उठ रहा है कि आखिर एक्सप्रेसवे जैसी हाईस्पीड सड़क पर डंपर कैसे खड़ा था और समय रहते उसे हटाया क्यों नहीं गया।