खंदौली में शिकायत का खौफनाक अंजाम: युवती पर घर में घुसकर हमला, दराती से काटा कान, हाथ पर भी दांतों से किया वार

खंदौली (आगरा)। खंदौली थाना क्षेत्र के गांव डेरा बंजारा (मौजा गिजौली) में पुलिस से शिकायत करना एक परिवार को भारी पड़ गया। रविवार को हुई मारपीट के मामले में कार्रवाई न होने के बाद सोमवार शाम दबंग पड़ोसियों ने घर में घुसकर एक युवती पर जानलेवा हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने युवती के साथ बेरहमी से मारपीट की, दराती से उसका कान काट दिया और बचाव करने पर हाथ को दांतों से काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के समय युवती घर पर अकेली थी। गंभीर रूप से घायल युवती को पुलिस ने जिला अस्पताल भेजा है।

Jun 23, 2026 - 10:18
 0
खंदौली में शिकायत का खौफनाक अंजाम: युवती पर घर में घुसकर हमला, दराती से काटा कान, हाथ पर भी दांतों से किया वार
दबंगों द्वारा किये गये हमले में घायल हुई युवती, जिसके कान पर दराती के प्रहार से चोट आई है।

रविवार को हुई थी कहासुनी, शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

पीड़िता की मां शेरून पत्नी इसराइल निवासी गांव डेरा बंजारा, मौजा गिजौली के अनुसार रविवार को पड़ोसी भूरी पत्नी आसीन के साथ कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी। इसकी शिकायत तत्काल खंदौली थाना पुलिस से की गई थी। आरोप है कि पुलिस सोमवार को गांव पहुंची, लेकिन बिना किसी कार्रवाई के वापस लौट गई। परिवार का आरोप है कि आरोपी पक्ष का समधी मोहम्मद रफीक यमुना एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा स्थित पुलिस चौकी पर लगी पुलिस की बुलेरो गाड़ी चलाता है, जिसके प्रभाव के चलते रविवार की घटना में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।

घर में अकेली युवती को बनाया निशाना

परिजनों के अनुसार सोमवार शाम करीब पांच बजे गुड़िया घर पर अकेली थी। उसी दौरान भूरी पत्नी आसीन, मुमताज पत्नी आशू, रेनू पत्नी सारुख, हैदर अली पुत्र मेहंदी हसन, हनीफ पुत्र महरी हसन तथा सारुख पुत्र आसीन निवासी डेरा बंजारा, मौजा गिजौली घर पर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने पहले गाली-गलौज की और फिर एकजुट होकर हमला बोल दिया।

दराती से कान काटा, दांतों से हाथ काटकर किया घायल

पीड़ित परिवार का आरोप है कि मारपीट के दौरान भूरी ने दराती से गुड़िया के कान पर वार कर दिया, जिससे उसका कान कट गया। जान बचाने के लिए गुड़िया ने विरोध किया तो आरोप है कि रेनू ने उसके हाथ को दांतों से काट लिया। हमलावरों ने युवती की चोटी पकड़कर उसे जमीन पर गिराया और जमकर मारपीट की। युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर बढ़े तो सभी आरोपी फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल गुड़िया को लेकर खंदौली थाने पहुंचे। पुलिस ने उसे मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल आगरा भेज दिया।

पुलिस पर संरक्षण देने का आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि यदि रविवार को पहली शिकायत पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करती तो सोमवार को दोबारा हमला नहीं होता। परिवार का यह भी कहना है कि टोल प्लाजा पुलिस चौकी पर तैनात पुलिस की गाड़ी चलाने वाले व्यक्ति के प्रभाव के चलते आरोपियों को संरक्षण मिला और इसी कारण उनका मनोबल बढ़ा।

प्रभारी निरीक्षक ने कही यह बात

प्रभारी निरीक्षक खंदौली कुलदीप सिंह ने बताया कि रविवार को महिलाओं के बीच कहासुनी और विवाद हुआ था। उन्होंने बताया कि मोहम्मद रफीक टोल प्लाजा पर पुलिस की गाड़ी चलाता है। घायल युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor