यह मां उस मंजर को भला कैसे भुला पाएगी, जब उसकी आंखों के सामने उसका ही एक बेटा दूसरे की जान ले रहा था, उस भयावह पल को याद करते हुए इस दुखियारी मां का कलेजा मुंह को आ जाता है, एक बेटा हमेशा के लिए दुनिया से चला गया और दूसरा हत्या के आरोप में घिर गया- एक ही झटके में मां की गोद की दोनों खुशियां उससे छिन गईं

आगरा। थाना कोतवाली क्षेत्र में सिटी स्टेशन रोड के सामने स्थित गली में शुक्रवार देर रात घटी घटना सिर्फ एक हत्या की खबर नहीं है, बल्कि एक मां के टूटे हुए दिल की कहानी बन गई है। एक मां, जो अपने बड़े बेटे की शादी के सपने देख रही थी, अचानक उसी रात अपनी आंखों के सामने अपने दोनों बेटों का रिश्ता बिखरता देखती रह गई। एक बेटा जिंदगी से हार गया और दूसरा उसी की मौत के आरोप में घिर गया।

Mar 14, 2026 - 12:51
 0
यह मां उस मंजर को भला कैसे भुला पाएगी, जब उसकी आंखों के सामने उसका ही एक बेटा दूसरे की जान ले रहा था, उस भयावह पल को याद करते हुए इस दुखियारी मां का कलेजा मुंह को आ जाता है, एक बेटा हमेशा के लिए दुनिया से चला गया और दूसरा हत्या के आरोप में घिर गया- एक ही झटके में मां की गोद की दोनों खुशियां उससे छिन गईं
दुखियारी मां पूनम।

गौरव का फाइल फोटो। दूसरे चित्हर में हत्या के आरोपी आकाश का फाइल फोटो, जिसमें वह अपने माता-पिता के साथ है। 

यह दर्द भरी कहानी है पूनम की। पूनम सिटी स्टेशन रोड के सामने स्थित गली में बड़े बेटे गौरव शर्मा (30) और छोटे पुत्र आकाश शर्मा (24) के साथ एक ही घर में रहती हैं। गौरव ड्राइविंग का काम करता था, जबकि आकाश शादी-ब्याह के कार्यक्रमों में कैमरामैन का काम करता है। कहा तो यह जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच कुछ समय से हिस्से और पैसों को लेकर विवाद चल रहा था, लेकिन मां का कहना है कि पैसे के मांगने जैसे ही विवाद थे। शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे भी दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी में छोटे बेटे आकाश ने अपने बड़े भाई गौरव को इस कदर लात-घूंसों से पीटा कि अस्पताल ले जाने के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका।

इस सबके बीच सबसे असहाय खड़ी थी एक मां- जो अपने दोनों बेटों को बचाने की कोशिश कर रही थी।

बोली मां- मैं बचाने गई, मुझे धक्का देकर अलग कर दिया

रोते हुए मां पूनम ने बताया कि जब झगड़ा बढ़ा तो वह बीच-बचाव करने पहुंचीं, लेकिन उन्हें धक्का देकर अलग कर दिया गया।

मां बताती है कि आकाश ने गौरव को लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। गौरव बुरी तरह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद आकाश नीचे आकर बोला- अभी इसकी सांस चल रही है, चाहो तो अस्पताल ले जाओ।

मां का कहना है कि उस समय आकाश ने घर को लॉक कर दिया और चाबी अपने पास रख ली, जिससे वे तुरंत कुछ नहीं कर सकीं।

जिस बेटे की शादी के सपने देख रही थी, वही चला गया

मां पूनम बार-बार यह बताते हुए रो पड़ती है कि वह तो इन दिनों गौरव की शादी के लिए लड़की देख रही थीं। उनकी आवाज भर्रा जाती है जब वह कहती हैं- गौरव घर में ही नहीं, पूरे मोहल्ले में बड़ों के पैर छूकर आदर देता था। वह अक्सर उनसे कहता था- मां, मैं ये खरीद लूंगा… वो खरीद लूंगा।

मां बताती हैं कि आकाश छोटा बेटा था और दोनों भाइयों में पहले कभी ऐसा झगड़ा नहीं हुआ था। इस बार विवाद पैसा मांगने को लेकर बढ़ा।

एक मां की दोहरी त्रासदी

इस घटना में सबसे बड़ा दर्द उस मां का है, जिसने एक ही रात में अपने दोनों बेटों को खो दिया। एक बेटा मौत के सन्नाटे में चला गया, और दूसरा हत्या के आरोप के साथ कानून के शिकंजे में फंस गया। उनके पति की भी कुछ समय पहले मौत हो चुकी है। घर के उस आंगन में जहां कभी दोनों भाइयों की हंसी गूंजती थी, आज वहां सिर्फ एक मां की सिसकियां बची हैं।

यह घटना सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि उस भयावह सच्चाई का आईना है कि जब रिश्तों में भरोसा टूटता है तो सबसे पहले एक मां का दिल टूटता है।

SP_Singh AURGURU Editor