चैत्र नवरात्र में आगरा से कैला देवी धाम तक बसों का बड़ा इंतज़ाम: 140 बसें दौड़ेंगी, यूपी और राजस्थान की रोडवेज बसों का किराया 270 रुपये तय, मेला अवधि में श्रद्धालुओं को मिलेगी सीधी सुविधा

आगरा। चैत्र नवरात्र में आगरा से करौली स्थित कैला देवी धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम और राजस्थान परिवहन निगम ने संयुक्त रणनीति तैयार कर ली है। क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय आगरा में दोनों राज्यों के परिवहन अधिकारियों की बैठक में निर्णय लिया गया कि मेला अवधि के दौरान आगरा से कैला देवी के बीच बड़ी संख्या में बसें संचालित की जाएंगी और किराया भी समान रखा जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Mar 11, 2026 - 22:46
 0
चैत्र नवरात्र में आगरा से कैला देवी धाम तक बसों का बड़ा इंतज़ाम: 140 बसें दौड़ेंगी, यूपी और राजस्थान की रोडवेज बसों का किराया 270 रुपये तय, मेला अवधि में श्रद्धालुओं को मिलेगी सीधी सुविधा
आगरा में रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय पर बुधवार को हुई यूपी और राजस्थान रोडवेज के अधिकारियों की बैठक में मौजूद अधिकारी।

11 मार्च 2026 को आयोजित इस संयुक्त बैठक में राजस्थान परिवहन निगम की ओर से मेला अधिकारी जगजीत सिंह, मुख्य प्रबंधक धौलपुर (मो. 9549653211), राकेश सैनी, मुख्य प्रबंधक लोहागढ़ (मो. 9549653193) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की ओर से क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल, सेवा प्रबंधक एवं प्रधान प्रबंधक प्राविधिक तुलाराम वर्मा, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक वित्त रविकांत मल्ल, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ईदगाह हेमंत तिवारी, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ताज राजेश यादव तथा बिजलीघर बस स्टेशन के स्टेशन प्रभारी सत्यनारायण शर्मा बैठक में शामिल हुए।

बैठक में तय किया गया कि श्री कैला देवी मेला पर्व 2026 की संपूर्ण अवधि 14 मार्च से 3 अप्रैल 2026 तक रहेगी, जबकि मुख्य पर्व अवधि 20 मार्च से 29 मार्च 2026 तक निर्धारित की गई है। इस दौरान आगरा से करौली स्थित कैला देवी धाम तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए परिवहन व्यवस्थाओं को विशेष रूप से मजबूत किया जाएगा।

दोनों राज्यों के परिवहन निगमों ने संयुक्त रूप से निर्णय लिया कि आगरा से कैला देवी के बीच कुल 140 बसें संचालित की जाएंगी। इन बसों का संचालन दोनों राज्यों द्वारा समान रूप से किया जाएगा, जिससे यात्रा सुगम और व्यवस्थित रहे। सबसे अहम निर्णय यह रहा कि आगरा से कैला देवी के बीच दोनों राज्यों की बसों का किराया समान रखते हुए 270 रुपये निर्धारित किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को टिकट दरों को लेकर किसी प्रकार की उलझन का सामना न करना पड़े।

मेला प्रबंधन को सुचारु बनाने के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की ओर से सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक हेमंत तिवारी (मो. 8726005031) को आगरा क्षेत्र का मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि राजस्थान परिवहन निगम की ओर से मुख्य मेला अधिकारी रवि कुमार मेहरा (मो. 7976625798) को जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों अधिकारी मेला अवधि में बस संचालन और व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।

सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगरा से कैला देवी मार्ग पर ऊंचा नगला और गंगापुर सिटी मोड़ पर विशेष चेक पोस्ट स्थापित की जाएंगी। इन चेक पोस्टों पर दोनों राज्यों की बसों और अन्य वाहनों की जांच की जाएगी, जिससे यातायात व्यवस्था नियंत्रित रहे और श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिले।

परिवहन अधिकारियों के अनुसार कैला देवी महापर्व के दौरान हर वर्ष लाखों श्रद्धालु आगरा सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश से करौली पहुंचते हैं। इसी को देखते हुए इस बार बस संचालन, किराया और निगरानी व्यवस्था पहले से तय कर दी गई है, ताकि श्रद्धालुओं को बिना परेशानी के मां कैला देवी के दर्शन का अवसर मिल सके।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor