पत्नी मायके गई तो बेकाबू हुआ पति, मोबाइल टावर पर चढ़ा, पुलिस ने एक घंटे की मशक्कत के बाद उतारा

आगरा के बाह क्षेत्र में पत्नी के मायके से वापस नहीं लौटने से परेशान एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब एक घंटे तक समझाइश और बातचीत कर युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। घटना के बाद पुलिस ने युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

Jun 16, 2026 - 22:08
 0
पत्नी मायके गई तो बेकाबू हुआ पति, मोबाइल टावर पर चढ़ा, पुलिस ने एक घंटे की मशक्कत के बाद उतारा
टावर पर चढ़ा हुआ युवक।

आगरा। आगरा के थाना बाह क्षेत्र में सोमवार  को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवक अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। ऊंचे टावर पर युवक को खड़ा देखकर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। घटना रूदमुली गांव की है, जहां जरार निवासी रीतेश शर्मा अपने ममाने गांव आया हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक काफी देर तक टावर पर चढ़ा रहा, जिससे किसी अनहोनी की आशंका के चलते लोगों की सांसें अटक गईं।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार रीतेश शर्मा की पत्नी रानू अपनी चार वर्षीय बेटी भानू के साथ कुछ समय पहले छत्तीसगढ़ स्थित अपने मायके चली गई थी। बताया जा रहा है कि घरेलू विवादों के कारण वह लंबे समय से वापस नहीं लौटी थी। पत्नी और बेटी के दूर रहने से रीतेश मानसिक तनाव में रहने लगा था। परिवार के लोगों का कहना है कि वह पिछले कुछ समय से काफी परेशान दिखाई दे रहा था और इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठा लिया।

टावर पर युवक को देख जुटी ग्रामीणों की भीड़

सोमवार को रीतेश रूदमुली गांव पहुंचा और वहां लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। देखते ही देखते खबर पूरे गांव में फैल गई। ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। कई लोग युवक को नीचे उतरने की आवाज लगाते रहे, लेकिन वह टावर पर ही डटा रहा। स्थिति गंभीर होती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने धैर्य और सूझबूझ से संभाला मामला

सूचना मिलते ही नौरंगी घाट चौकी प्रभारी अशेन्द्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बल प्रयोग करने के बजाय बातचीत का रास्ता अपनाया। करीब एक घंटे तक पुलिसकर्मी लगातार युवक को समझाते रहे। उसे भरोसा दिलाया गया कि उसकी बात सुनी जाएगी और परिवार के साथ मिलकर समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस के समझाने  का असर हुआ और आखिरकार रीतेश सुरक्षित नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

परिजनों को सौंपा गया युवक

युवक के नीचे उतरने के बाद पुलिस ने उसे आवश्यक समझाइश दी और उसके परिजनों को सौंप दिया। किसी प्रकार की अप्रिय घटना न होने से प्रशासन ने भी राहत महसूस की। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता, संयम और सूझबूझ की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।