दयालबाग में श्रद्धा, सेवा और सत्संग के संग मनाया गया हुजूर डॉ. एम.बी. लाल साहब का भंडारा, देश-विदेश से उमड़े श्रद्धालु
आगरा। दयालबाग में रविवार को परम गुरु हुजूर डॉ. एम.बी. लाल साहब का पावन भंडारा श्रद्धा, सेवा और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर प्रातःकालीन आरती से लेकर अपराह्न भंडारे तक धार्मिक एवं सेवा संबंधी विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। दयालबाग के निवासियों के साथ-साथ देश-विदेश की विभिन्न शाखाओं से आए सतसंगी भाई-बहनों और बच्चों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर सेवा, सत्संग और श्रमदान की परंपरा को आगे बढ़ाया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण ई-सतसंग के माध्यम से देश-विदेश की लगभग 580 शाखाओं तक किया गया।

पावन भंडारे के मौके पर मौजूद गुरु महाराज प्रो. प्रेम सरन सतसंगी और रानी साहिबा।
भोर से ही शुरू हो गया सेवा का क्रम
पावन भंडारा दिवस पर प्रातःकाल लगभग दो बजे से ही सतसंगी भाई-बहन एवं सुपरह्यूमन स्कीम के बच्चे निर्धारित कृषि क्षेत्रों में पहुंचकर सेवा कार्य में जुट गए। धान नर्सरी, कुआं नंबर-4 तथा नहर के उत्तर स्थित कृषि क्षेत्र में धान की पौध उखाड़ने और धान की रोपाई का कार्य उत्साह और समर्पण के साथ प्रारंभ हुआ। वहीं बुजुर्ग सतसंगी भाइयों एवं बहनों ने भंडारा ग्राउंड पर निर्धारित सेवा कार्यों में अपनी सहभागिता निभाई।
सेवा कार्य के दौरान खेतों में सभी को एक कप गरम दूध (अमृत पेय), चाय, रस्क एवं अन्य प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के बाद सतसंगी भाई-बहन और बच्चे पुनः धान की पौध उखाड़ने और रोपाई के कार्य में लग गए।
प्रो. प्रेम सरन सतसंगी साहब एवं रानी साहिबा ने किया नमन
गुरु महाराज हुजूर प्रो. प्रेम सरन सतसंगी साहब एवं रानी साहिबा के कृषि क्षेत्र में पहुंचने पर दोनों ने सर्वप्रथम परमपुरुष पूरन धनी स्वामीजी महाराज एवं परम गुरु हुजूर डॉ. एम.बी. लाल साहब के पावन स्वरूपों पर श्रद्धापूर्वक माथा टेका।
इसके पश्चात पावन भंडारे के अवसर पर चार विशेष पाठों का आयोजन किया गया। प्रारंभिक दो पाठों में परम आदरणीय रानी साहिबा जी ने भी सहभागिता की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

भंडारे में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते बच्चे।
भंडारा कार्यक्रम के दौरान पी.टी., सांस्कृतिक कार्यक्रम, शारीरिक व्यायाम एवं आत्म-सुरक्षा प्रदर्शन आयोजित किए गए। सुपरह्यूमन स्कीम के बच्चों ने अपनी सुंदर एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी सतसंगी भाई-बहनों एवं बच्चों को परम गुरु हुजूर डॉ. एम.बी. लाल साहब के पावन भंडारे की आरती का मुरमुरा एवं इलायचीदाना प्रसाद वितरित किया गया।
अपराह्न में फिर हुआ श्रमदान और भंडारा
अपराह्न में बड़ी संख्या में सतसंगी भाई-बहन एवं बच्चे पुनः निर्धारित कृषि क्षेत्रों में पहुंचे और धान की पौध उखाड़ने तथा रोपाई के सेवा कार्य में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कृषि क्षेत्र में ही भंडारे का आयोजन किया गया। यहां भी प्रातःकालीन कार्यक्रमों की तरह पी.टी., सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, शारीरिक व्यायाम एवं आत्म-सुरक्षा प्रदर्शन आयोजित किए गए। सुपरह्यूमन स्कीम के बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को एक नमकीन एवं एक मीठा विशेष प्रसाद वितरित किया गया।
विशेष दया की डेयरी का किया भ्रमण
प्रातःकालीन आरती एवं अपराह्न भंडारा कार्यक्रम के बाद गुरु महाराज प्रो. प्रेम सरन सतसंगी साहब ने ई.वी. से पावन कोठी की ओर प्रस्थान किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग में उपस्थित सतसंगी भाई-बहनों एवं बच्चों को दर्शन दिए।
अपने नियमित क्रम के अनुसार उन्होंने 'विशेष दया की डेयरी' का संक्षिप्त भ्रमण भी किया, जहां पालतू गायों एवं भैंसों का अवलोकन करने के बाद पावन कोठी पधारे।
पूरे भंडारा कार्यक्रम का ई-सतसंग के माध्यम से देश-विदेश में स्थित लगभग 580 शाखाओं में सजीव प्रसारण किया गया, जिससे विभिन्न स्थानों पर मौजूद श्रद्धालु भी इस आध्यात्मिक आयोजन से जुड़ सके।