‘सीओ, एसओ और चौकी का हिस्सा मैं देता हूं...’ वायरल ऑडियो के बाद रंगदारी गैंग पर केस

आगरा के रकाबगंज थाना क्षेत्र में सट्टे की गद्दी चलाने के नाम पर दो लाख रुपये की कथित रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता और आरोपित के बीच हुई बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Jul 3, 2026 - 15:39
 0
‘सीओ, एसओ और चौकी का हिस्सा मैं देता हूं...’ वायरल ऑडियो के बाद रंगदारी गैंग पर केस

आगरा। थाना रकाबगंज क्षेत्र में सट्टे की गद्दी चलाने के नाम पर कथित रूप से दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। शिकायतकर्ता और रंगदारी मांगने वाले व्यक्ति के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ऑडियो में कथित तौर पर पुलिस अधिकारियों के नाम लेकर रकम की मांग किए जाने की बात सुनाई दे रही है।

वायरल ऑडियो में कथित तौर पर आरोपी यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि, "सीओ, एसओ और चौकी पर जो मैं देता हूं, वह अब मैं जोगेन्द्र भाई को दे दूंगा, उनके नाम से ही काम चला लूंगा।" इस बातचीत के सामने आने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया।

शिकायतकर्ता अरुण कुमार ने आरोप लगाया है कि सट्टे की गद्दी संचालित करने देने के नाम पर उससे दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने किशन, सुनील, जोगेन्द्र चौहान और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मामले का ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसकी सत्यता की जांच भी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल ऑडियो की फोरेंसिक और तकनीकी जांच कराई जाएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बातचीत वास्तविक है या नहीं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि विवेचना निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, पुलिस अधिकारियों के नाम कथित रूप से इस्तेमाल किए जाने को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच में जुटी है।