रालोद की रेल आगरा से पूर्वांचल तक दौड़ाऊंगा- अशोक यादव, रालोद नेताओं ने किया स्वागत
आगरा में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) में हाल ही में शामिल हुए शिकोहाबाद के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अशोक यादव ने कहा कि पार्टी को आगरा से पूर्वांचल तक मजबूती के साथ खड़ा किया जाएगा। इस दौरान होटल विक्रम पैलेस में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
आगरा। कुछ दिन पूर्व नई दिल्ली में रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयन्त चौधरी की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए शिकोहाबाद के पूर्व विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री अशोक यादव का आगरा आगमन पर रालोद नेताओं द्वारा स्वागत किया गया। शिकोहाबाद जाते समय आगरा के होटल विक्रम पैलेस में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बुके भेंट कर एवं मालाएं पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अशोक यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मेल-मुलाकात की और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रेस प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोकदल को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने के लिए वह पूरी ताकत से काम करेंगे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राष्ट्रीय लोकदल की रेल को आगरा से लेकर पूर्वांचल तक चलाएंगे और पार्टी का जनाधार मजबूती से बढ़ाएंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए संगठन विस्तार और सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर एवं नरेंद्र बघेल, प्रदेश सचिव डॉ. रुपेश चौधरी और सतवीर रावत, पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा एडवोकेट, महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय महासचिव मालती चौधरी, महानगर अध्यक्ष दुर्गेश शुक्ला, ब्रज क्षेत्र महासचिव पुरुषोत्तम त्यागी, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव संजीव शर्मा, वरिष्ठ नेता आलोक चौधरी, महानगर उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, अजय वर्मा व संजीव शिवहरे, महामंत्री गणेशी लाल निषाद, छात्र लोकदल के भीम सिंह बघेल, युवा लोकदल के पूर्व जिला अध्यक्ष मयंक खिरवार और अन्नु पहलवान सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।