कागज़ों में ‘आदर्श’, जमीन पर बदहाल: मोतीगंज गल्ला मंडी के विकास का प्रस्ताव पास कर भूल गया नगर निगम, व्यापारियों ने याद दिलाए वादे
आगरा। शहर के प्रमुख व्यापारिक केंद्र मोतीगंज गल्ला मंडी को ‘आदर्श मंडी’ बनाने के दावों की हकीकत सवालों के घेरे में है। मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति ने मंडी की बदहाल स्थिति को लेकर सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम को ज्ञापन सौंपते हुए साफ कहा कि प्रस्ताव पास होने और निर्देश जारी होने के बावजूद जमीनी स्तर पर हालात जस के तस बने हुए हैं।
प्रस्ताव पास, लेकिन काम अधूरा
समिति ने बताया कि नगर निगम कार्यकारिणी के 14वें अधिवेशन (25 सितंबर 2025) में प्रस्ताव संख्या-06 सर्वसम्मति से पारित हुआ था, जिसमें मंडी का नाम बदलकर आदर्श मोतीगंज गल्ला खाद्य मंडी करने और उसके विकास का निर्णय लिया गया था। इसके तहत सड़क, नाली और प्रकाश व्यवस्था जैसे कार्य शुरू जरूर हुए, लेकिन आज भी अधूरे पड़े हैं।
हकीकत: सुविधाओं के नाम पर शून्य
समिति के अध्यक्ष महावीर प्रसाद मंगल और महामंत्री शैलेन्द्र अग्रवाल (शालू) ने दो टूक कहा कि मोतीगंज मंडी ऐतिहासिक और बड़ा व्यापारिक हब है, जहां रोजाना शहर ही नहीं, आसपास के जिलों से हजारों व्यापारी पहुंचते हैं। इसके बावजूद बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव व्यापारियों को परेशान कर रहा है।
जाम, गंदगी और अंधेरे में कारोबार
ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों ने मंडी की असली तस्वीर सामने रख दी। पार्किंग की कोई ठोस व्यवस्था नहीं, जिससे रोजाना जाम की समस्या बनी रहती है। सड़कों, नालियों और खड़ंजों की जर्जर हालत है। रात में काम के बावजूद स्ट्रीट लाइट की भारी कमी है। सफाई व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित है।
महापौर के निर्देश भी ठंडे बस्ते में
व्यापारियों ने यह भी याद दिलाया कि महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने दो वर्ष पहले मंडी को आदर्श बनाने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक उन पर पूरी तरह अमल नहीं हुआ। इससे साफ है कि प्रशासनिक इच्छाशक्ति की कमी के चलते योजनाएं सिर्फ फाइलों तक सीमित हैं।
प्राथमिकता पर विकास की मांग
समिति ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि मोतीगंज मंडी के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए, ताकि इसे वास्तव में आदर्श मंडी का स्वरूप मिल सके, न कि सिर्फ नाम बदलकर औपचारिकता निभाई जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान समिति के अध्यक्ष महावीर प्रसाद मंगल, महामंत्री शैलेन्द्र अग्रवाल (शालू) के साथ श्रीनाथ बंसल, कृष्ण कुमार मित्तल, मयंक मंगल, अखिलेश गोयल, पवन गोयल सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।