गैस की किल्लत नहीं तो ब्लैक क्यों? आगरा में घरेलू सिलेंडर 1500 और कमर्शियल 2500 के पार, जिला पूर्ति अधिकारी बोले- जनपद में गैस-पेट्रोल का पर्याप्त स्टॉक, अफवाहों पर ध्यान न दें; लेकिन बाजार में ब्लैक मार्केटिंग से रेस्टोरेंट संचालक और उपभोक्ता परेशान
आगरा। इजराइल-अमिरिका और ईरान के बीच जारी भीषण जंग के बीच देशभर में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर आशंकाओं का माहौल है। इसी बीच आगरा में रसोई गैस को लेकर दो अलग-अलग तस्वीरें सामने आ रही हैं। एक ओर जिला आपूर्ति विभाग दावा कर रहा है कि जनपद में घरेलू गैस, पेट्रोल-डीजल और पीएनजी-सीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है, वहीं दूसरी ओर धरातल पर घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की खुलेआम ब्लैक मार्केटिंग होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
शहर के कई इलाकों में घरेलू गैस सिलेंडर 1500 रुपये तक में ब्लैक में बिक रहा है, जबकि लगभग 1400 रुपये कीमत वाला कमर्शियल सिलेंडर 2500 रुपये से ऊपर तक पहुंच चुका है। ऐसे में बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि जब जिला प्रशासन गैस की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रहा है तो फिर बाजार में इतनी बड़ी मात्रा में सिलेंडर ब्लैक में कैसे बिक रहे हैं। क्या युद्ध जैसी अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का फायदा उठाकर कुछ लोग कृत्रिम संकट पैदा कर रहे हैं।
रेस्टोरेंट संचालक संकट में, बंदी का खतरा
कमर्शियल सिलेंडरों की उपलब्धता प्रभावित होने से शहर के कई रेस्टोरेंट और होटल संचालक भारी परेशानी झेल रहे हैं। कई स्थानों पर कमर्शियल गैस न मिलने के कारण रसोई संचालन प्रभावित होने लगा है और कुछ प्रतिष्ठान बंदी की कगार पर पहुंच गए हैं।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कई रेस्टोरेंट संचालक पुराने कोयले के तंदूर दोबारा शुरू करने पर विचार कर रहे हैं। हालांकि उन्हें इस बात का भी डर है कि टीटीजीड (ताज ट्रेपेजियम जोन) की पर्यावरणीय बंदिशों के कारण ऐसा करने पर कहीं कानूनी कार्रवाई का सामना न करना पड़े।
प्रशासन का दावा—कोई कमी नहीं, अफवाहों से बचें
इन शिकायतों के बीच जिला पूर्ति अधिकारी श्री आनन्द कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि भारत सरकार के निर्देशों के अनुसार घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में कोई समस्या नहीं है और जनपद आगरा में सभी घरेलू कनेक्शनधारकों को बुकिंग के बाद 2 से 3 दिन के भीतर गैस उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर की दोबारा बुकिंग अब 25 दिन के अंतराल के बाद ही ऑनलाइन माध्यम से की जा सकेगी। गैस बुकिंग के लिए ऑनलाइन नंबर 8454955555 और 7718955555 जारी हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने यह भी कहा कि पीएनजी और सीएनजी की आपूर्ति भी पूरी तरह सुचारु है, जिससे घरेलू और परिवहन क्षेत्र में किसी प्रकार की कमी नहीं होगी। इसके अलावा पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त भंडारण पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध है और उनकी आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी है।
हेल्पलाइन जारी, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
श्री आनन्द कुमार सिंह ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और घबराहट में अतिरिक्त गैस या ईंधन का भंडारण न करें। यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाता है या गैस की कालाबाजारी की जानकारी मिलती है तो उसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन को दी जाए।
इसके लिए जिला पूर्ति कार्यालय, आगरा का कंट्रोल रूम नंबर 0526-2972453 जारी किया गया है, जहां उपभोक्ता अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
हालांकि जमीनी स्तर पर बढ़ती ब्लैक मार्केटिंग और प्रशासनिक दावों के बीच का यह विरोधाभास अब एक बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है, जब जनपद में गैस की आपूर्ति सामान्य है तो फिर सिलेंडर ब्लैक में आखिर क्यों बिक रहे हैं और इस पर रोक कब लगेगी?