प्रदेश में नंबर वन बनी आईएमए बरेली ब्लड बैंक, राष्ट्रीय मंच पर मिलेगा सम्मान, 48 हजार यूनिट रक्त संग्रह, 88 हजार यूनिट वितरण और शून्य रक्त बर्बादी ने दिलाया देशभर में गौरव
-आरके सिंह- बरेली। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) बरेली की ब्लड बैंक ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। स्वास्थ्य मंत्रालय के नेशनल ब्लड ट्रांसफ्यूजन काउंसिल (एनबीटीसी) ने उत्तर प्रदेश की सर्वश्रेष्ठ ब्लड बैंक के रूप में आईएमए बरेली का चयन किया है। इस उपलब्धि के लिए ब्लड बैंक को 16 जून को हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अंजू उप्पल सम्मान ग्रहण करने के लिए हैदराबाद रवाना हो गई हैं।
आईएमए बरेली की इस उपलब्धि ने न केवल जिले, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। नेशनल ब्लड ट्रांसफ्यूजन काउंसिल ने देश के प्रत्येक राज्य से केवल एक-एक उत्कृष्ट ब्लड बैंक का चयन किया है, जिसमें उत्तर प्रदेश से आईएमए बरेली ने यह सम्मान हासिल किया।
रिकॉर्ड रक्त संग्रह और वितरण बना उपलब्धि का आधार
ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अंजू उप्पल ने बताया कि चयन प्रक्रिया के दौरान ब्लड बैंक की कार्यक्षमता, गुणवत्ता और सेवाओं का व्यापक मूल्यांकन किया गया। पिछले एक वर्ष में आईएमए बरेली ब्लड बैंक ने 48 हजार यूनिट रक्त संग्रह किया, जबकि जरूरतमंद मरीजों को 88 हजार यूनिट रक्त एवं रक्त अवयव उपलब्ध कराए। इसके साथ ही रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए 98 स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए गए।
एक भी यूनिट रक्त नहीं हुआ खराब
डॉ. अंजू उप्पल ने बताया कि ब्लड बैंक की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि पूरे वर्ष में रक्त की एक भी यूनिट खराब नहीं हुई। समयबद्ध प्रबंधन और जरूरतमंदों तक समय पर रक्त पहुंचाने की प्रभावी व्यवस्था के कारण रक्त की बर्बादी शून्य रही। वहीं गुणवत्ता नियंत्रण मूल्यांकन (क्वालिटी कंट्रोल असेसमेंट) में भी ब्लड बैंक को पूर्ण अंक प्राप्त हुए।
सेवा और गुणवत्ता का बना राष्ट्रीय मॉडल
उन्होंने कहा कि ब्लड बैंक की पूरी टीम अधिक से अधिक स्वैच्छिक रक्तदाताओं को जोड़ने और सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। यही टीमवर्क और बेहतर प्रबंधन आज राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का कारण बना है।
पहले भी मिल चुके हैं कई प्रतिष्ठित सम्मान
आईएमए बरेली इससे पहले भी कई उपलब्धियां हासिल कर चुका है। वर्ष 2024-25 में आईएमए बरेली के अध्यक्ष डॉ. आर.के. सिंह को 'बेस्ट प्रेसिडेंट – आईएमए इन यूपी' सम्मान से नवाजा गया था। इसी वर्ष आईएमए बरेली को प्रदेश की सर्वश्रेष्ठ शाखा का पुरस्कार भी प्राप्त हुआ था। अब ब्लड बैंक को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान संस्था की उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ने जा रहा है।