मोहर्रम पर अभेद्य सुरक्षा कवच: बरेली परिक्षेत्र में 1384 जुलूसों पर ड्रोन, सीसीटीवी और हजारों पुलिसकर्मियों की पैनी नजर, डीआईजी अजय कुमार साहनी का सख्त संदेश- कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई, पीएसी, एसडीआरएफ और क्यूआरटी टीमें रहेंगी मुस्तैद

-आरके सिंह- बरेली। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बरेली परिक्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जनपदों में निकलने वाले 1384 जुलूसों, 2128 ताजियों और 357 कर्बलाओं की निगरानी के लिए पुलिस, पीएसी, एसडीआरएफ, क्यूआरटी टीमों के साथ ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों का व्यापक जाल बिछाया गया है। पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय कुमार साहनी ने सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, सोशल मीडिया की निगरानी करने और कानून व्यवस्था को हर हाल में बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

Jun 19, 2026 - 11:46
 0
मोहर्रम पर अभेद्य सुरक्षा कवच: बरेली परिक्षेत्र में 1384 जुलूसों पर ड्रोन, सीसीटीवी और हजारों पुलिसकर्मियों की पैनी नजर, डीआईजी अजय कुमार साहनी का सख्त संदेश- कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई, पीएसी, एसडीआरएफ और क्यूआरटी टीमें रहेंगी मुस्तैद

बरेली में सबसे अधिक 894 जुलूस, 1033 ताजियां होंगी स्थापित

डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बताया कि परिक्षेत्र के चारों जिलों में मोहर्रम को लेकर व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। जनपद बरेली में कुल 894 जुलूस निकलेंगे। यहां 1033 ताजियां स्थापित की जाएंगी, जबकि 988 ताजियों का दफन होगा। इसके अलावा 131 कर्बलाएं चिन्हित की गई हैं। पूरे जिले को 44 जोन और 158 सेक्टर में विभाजित कर सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

बदायूं में 144 जुलूसों पर रहेगी विशेष निगरानी

जनपद बदायूं में मोहर्रम के दौरान 144 जुलूस निकाले जाएंगे। यहां 410 ताजियां स्थापित होंगी तथा 388 ताजियों का दफन किया जाएगा। जिले में 66 कर्बलाएं चिन्हित की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिले को 2 जोन और 6 सेक्टर में बांटा गया है।

पीलीभीत में 205 जुलूस और 447 ताजियां

जनपद पीलीभीत में 205 जुलूस, 447 स्थापित ताजियां, 383 दफन ताजियां और 52 कर्बलाएं हैं। पूरे जिले को 4 जोन और 16 सेक्टर में विभाजित कर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

शाहजहांपुर में 141 जुलूसों पर रहेगा पहरा

जनपद शाहजहांपुर में 141 जुलूस, 251 स्थापित ताजियां, 244 दफन ताजियां तथा 108 कर्बलाएं चिन्हित की गई हैं। यहां कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 5 जोन और 22 सेक्टर बनाए गए हैं।

परिक्षेत्र में कुल 1384 जुलूस, 2128 ताजियां और 357 कर्बलाएं

चारों जनपदों को मिलाकर पूरे बरेली परिक्षेत्र में कुल 1384 जुलूस, 2128 स्थापित ताजियां, 2003 दफन ताजियां तथा 357 कर्बलाएं हैं। इन सभी स्थानों की निगरानी के लिए पूरे परिक्षेत्र को 55 जोन और 202 सेक्टर में विभाजित किया गया है।

179 शांति समिति बैठकों से बनाया गया सौहार्द का माहौल

मोहर्रम से पहले शांति और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के उद्देश्य से परिक्षेत्र के चारों जनपदों में अब तक 179 शांति समिति बैठकों का आयोजन किया जा चुका है। इन बैठकों में धार्मिक नेताओं, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर सहयोग की अपील की गई है।

पीएसी, एसडीआरएफ और हजारों पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात

डीआईजी ने बताया कि वर्तमान में कानून व्यवस्था के लिए जनपद बरेली में 3 कंपनी और 1 प्लाटून पीएसी, बदायूं में 2 कंपनी पीएसी, 1 प्लाटून पीएसी और 1 प्लाटून एसडीआरएफ, पीलीभीत में 1 प्लाटून पीएसी और 1 प्लाटून एसडीआरएफ तथा शाहजहांपुर में 1 प्लाटून पीएसी तैनात की गई है।

पूरे परिक्षेत्र में कुल 6 कंपनी पीएसी, 2 प्लाटून पीएसी, 1 प्लाटून बाढ़ राहत बल और 2 एसडीआरएफ टीमें कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उपलब्ध रहेंगी।

238 क्यूआरटी टीमें और हजारों जवान संभालेंगे मोर्चा

मोहर्रम के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 238 क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) गठित की गई हैं। सुरक्षा ड्यूटी में 10 अपर पुलिस अधीक्षक, 36 पुलिस उपाधीक्षक, 262 निरीक्षक, 1743 उपनिरीक्षक, 2986 मुख्य आरक्षी और 10014 आरक्षी नागरिक पुलिस तैनात रहेंगे। यातायात व्यवस्था के लिए 6 निरीक्षक यातायात, 63 उपनिरीक्षक यातायात, 169 मुख्य आरक्षी यातायात और 253 यातायात आरक्षी भी लगाए गए हैं।

ड्रोन, सीसीटीवी और सोशल मीडिया पर रहेगी कड़ी नजर

डीआईजी अजय कुमार साहनी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी विशेष मॉनीटरिंग रखी जाएगी ताकि अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को तुरंत रोका जा सके।

डीआईजी की अपील

पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय कुमार साहनी ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव और कानून व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी लोग शांति और सौहार्द बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

SP_Singh AURGURU Editor