श्री मनःकामेश्वर मंदिर के सीमा द्वार का जीर्णोद्धार के बाद लोकार्पण, भव्य एलईडी लाइटिंग और शिव प्रतीकों से बढ़ी मंदिर की दिव्यता
आगरा। प्राचीन श्री मनःकामेश्वर मंदिर, हाथी घाट, यमुना किनारा में श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के बीच नवनिर्मित एवं जीर्णोद्धार किए गए सीमा द्वार का लोकार्पण किया गया। महंत योगेश पुरी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन-अर्चन कर सीमा द्वार का उद्घाटन किया। आधुनिक एलईडी लाइटिंग, भगवान शिव के डमरू एवं त्रिशूल से सुसज्जित यह प्रवेश द्वार अब दूर से ही श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित कर रहा है और मंदिर की धार्मिक गरिमा को नई पहचान दे रहा है।
मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि मंदिर के मुख्य प्रवेश सीमा द्वार का जीर्णोद्धार कर उसे भव्य और आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है। द्वार पर मंदिर के नाम को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। साथ ही गौरव शर्मा एवं निशांत सिकरवार के सहयोग से अत्याधुनिक एलईडी लाइटिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे रात्रि के समय मंदिर का प्रवेश द्वार अत्यंत आकर्षक और मनोहारी दिखाई देता है। दूर से ही मंदिर का नाम स्पष्ट नजर आने लगा है।
उन्होंने बताया कि सीमा द्वार के शीर्ष पर भगवान शिव के प्रतीक डमरू और त्रिशूल स्थापित किए गए हैं, जो शिवभक्ति, सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक आस्था का संदेश देते हैं। आकर्षक निर्माण शैली और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था के कारण यह द्वार श्रद्धालुओं के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी विशेष आकर्षण का केंद्र बन गया है।
लोकार्पण समारोह के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने नवनिर्मित सीमा द्वार के दर्शन कर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इसे श्री मनःकामेश्वर मंदिर की भव्यता, धार्मिक गरिमा और सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।