भारत ने इंग्लैंड को हराकर लिया एडिलेड का बदला,  जीत लिया सेमीफाइनल,  अब न्यूजीलैंड से टी20 विश्व कप फाइनल

भारतीय टीम ने रोमांचक सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हरा दिया। अब सूर्यकुमार यादव की टीम खिताबी भिड़ंत में न्यूजीलैंड के साथ 8 मार्च को भिड़ेगी। यह मुकाबला अहमदाबाद में खेला जाएगा।

Mar 5, 2026 - 23:05
 0
भारत ने इंग्लैंड को हराकर लिया एडिलेड का बदला,  जीत लिया सेमीफाइनल,  अब न्यूजीलैंड से टी20 विश्व कप फाइनल

मुंबई। टी20 विश्व कप 2026 का खिताबी मुकाबला न्यूजीलैंड और भारत के बीच खेला जाएगा। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को रोमांचक हार के लिए मजबूर कर दिया। इसके साथ ही टी20 विश्व कप 2022 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड से मिली हार का एक और बार बदला ले लिया, जो ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड में खेला गया था। भारत ने पहले बैटिंग करते हुए संजू सैमसन के शानदार 89 रनों के दम पर 253 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में इंग्लैंड के लिए जैकेब बेथल ने शानदार शतक जड़ा। इंग्लैंड को आखिरी ओवर में 30 रनों की जरूरत थी, जबकि शिवम दुबे ने मैच भारत को 7 रनों से जितवा दिया।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप का खिताबी मुकाबला 8 मार्च को दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को पहले सेमीफाइनल में 9 विकेट से हराया था, जबकि वह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डंस स्टेडियम में खेला गया था।

इससे पहले टॉस हारने वाली भारतीय टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। पारी के आकर्षण ओपनर संजू सैमसन रहे। उन्होंने महज 42 गेंदों में 211.90 की स्ट्राइक रेट से 89 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान 8 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के उड़ाए। हालांकि, वह शतक पूरा नहीं कर सके। अभिषेक शर्मा के फेल होने पर बैटिंग करने उतरे ईशान किशन (18 गेंदों में 39 रन, 4 चौके, 2 छक्के) संजू सैमसन का बखूबी साथ दिया और 97 रनों की साझेदारी की। कप्तान सूर्या 11 रन बनाकर आउट हुए।

संजू के अलावा शिवम दुबे ने 25 गेंदों में 4 छक्कों की मदद से 43 रन बनाए। डेथ ओवर्स में हार्दिक पंड्या (12 गेंदों में 27 रन) और तिलक वर्मा (7 गेंदों में 3 छक्कों के दम पर 21 रन) ने तेज पारियां खेलकर टीम को 250 के पार पहुंचाया। दूसरी ओर, इंग्लैंड के प्रमुख तेज गेंदबाज बहुत महंगे साबित हुए। जोफ्रा आर्चर (1 विकेट) ने 4 ओवर में 61 रन लुटाए , जबकि सैम करन ने 4 ओवर में 53 रन दिए और कोई विकेट नहीं मिला। इंग्लैंड की तरफ से स्पिनर्स का प्रदर्शन कुछ बेहतर रहा। विल जैक्स (40 रन देकर 2 विकेट) और आदिल रशीद (41 रन देकर 2 विकेट) ही भारतीय बल्लेबाजों पर थोड़ा अंकुश लगा पाए।

बड़े लक्ष्य के आगे इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही। उसके दो विकेट जल्दी गिर गए। ओपनर फिल साल्ट (5) और हैरी ब्रूक (7) को क्रमश: हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह ने आउट किया। इसके बाद जोस बटलर को वरुण चक्रवर्ती ने क्लीन बोल्ड करते हुए बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने 17 गेंदों में 25 रन ठोके। इस बीच जैकेब बेथल ने हालांकि विस्फोटक बैटिंग जारी रखी और 19 गेंदों में हाफ सेंचुरी पूरी की। दूसरी ओर, टॉम बैंटन को 17 रनों के निजी स्कोर पर अक्षर पटेल ने आउट किया।

बेथल का विल जैक्स बखूबी साथ दे रहे थे और दोनों छोर से ताबड़तोड़ बैटिंग हो रही थी। इसी बीच 14वें ओवर की आखिरी गेंद पर अर्शदीप सिंह को विल जैक्स ने हवाई शॉट खेला। गेंद 6 रनों के लिए बाउंड्री से बाहर जा रही थी कि अक्षर पटेल ने कमाल करते हुए गेंद को लपका और जब खुद बाउंड्री के बाहर जाने लगे तो करीब आए शिवम दुबे की ओर गेंद उछाल दिया। इस तरह से जैक्स की पारी 20 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्के की मदद से 35 रनों पर समाप्त हुई। बेथल (105 रन, 48 गेंद, 8 चौके और 7 छक्के) ने 45 गेंदों में शतक पूरा किया। हालांकि, वह जीत नहीं दिला सके। बुमराह ने गजब की गेंदबाजी करते हुए 4 ओवरों में 33 रन दिए और एक विकेट झटका। उनका 18वां ओवर मैच का टर्निंग पॉइंट रहा।