नेपाल में लहराया भारत का परचम, रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिवार की बेटियों काम्या और मिराया ने जीता स्वर्ण पदक
अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक बार फिर भारतीय प्रतिभा का दम दिखाई दिया। नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित सागरमाथा कप नेपाल-भारत डांस स्पोर्ट्स एवं परफॉर्मिंग आर्ट्स चैंपियनशिप-2026 में महात्मा ज्योतिबा फूले रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिवार की दो बेटियों काम्या सिंह और मिराया ने अपने शानदार नृत्य प्रदर्शन से स्वर्ण पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया। दोनों बाल प्रतिभाओं की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से विश्वविद्यालय परिवार में खुशी और गर्व का माहौल है।
-आरके सिंह-
बरेली। नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित राष्ट्रीय नाचघर में 6 एवं 7 जून को आयोजित सागरमाथा कप नेपाल-भारत डांस स्पोर्ट्स एवं परफॉर्मिंग आर्ट्स चैंपियनशिप-2026 में भारतीय प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। दो दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत और नेपाल के प्रतिभागियों ने अपनी कला, प्रतिभा और सांस्कृतिक प्रस्तुति का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
काम्या सिंह और मिराया ने जीता स्वर्ण पदक
प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में महात्मा ज्योतिबा फूले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलसचिव कार्यालय में कार्यरत श्री अजय कुमार मौर्य की पुत्रियों काम्या सिंह एवं मिराया ने अपने शानदार नृत्य प्रदर्शन से निर्णायकों को प्रभावित करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। दोनों बाल प्रतिभाओं ने कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत का तिरंगा अंतरराष्ट्रीय मंच पर बुलंद किया।
भारत और नेपाल के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा
प्रतियोगिता में भारत की ओर से लगभग 80 प्रतिभागियों तथा नेपाल की ओर से 60 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। दोनों देशों के प्रतिभाशाली कलाकारों के बीच हुए कड़े मुकाबले में काम्या सिंह और मिराया ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट प्रस्तुति के दम पर स्वर्ण पदक जीतकर निर्णायकों और दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की।
विश्वविद्यालय परिवार में खुशी और गर्व का माहौल
काम्या सिंह और मिराया की इस उल्लेखनीय सफलता पर महात्मा ज्योतिबा फूले रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है। विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों प्रतिभाशाली बेटियों को स्वर्णिम उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।