आगरा को नई उड़ान दिलाने की पहल, सांसद नवीन जैन ने मांगी नई फ्लाइटें और बंद सेवाओं की बहाली
आगरा। राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू को पत्र लिखकर आगरा के खेरिया हवाई अड्डे से विमान सेवाओं के विस्तार की मांग की है। उन्होंने बंद हो चुकी अहमदाबाद, जयपुर और भोपाल की उड़ानों को फिर से शुरू करने, हैदराबाद सेवा बहाल करने तथा आगरा-खजुराहो के बीच नई सीधी विमान सेवा शुरू करने का आग्रह किया है। सांसद का कहना है कि इससे पर्यटन, व्यापार और धार्मिक यात्रा को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
आगरा। राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू को पत्र लिखकर आगरा के खेरिया हवाई अड्डे से विमान सेवाओं के विस्तार की मांग की है। उन्होंने बंद हो चुकी अहमदाबाद, जयपुर और भोपाल की उड़ानों को फिर से शुरू करने, हैदराबाद सेवा बहाल करने तथा आगरा-खजुराहो के बीच नई सीधी विमान सेवा शुरू करने का आग्रह किया है। सांसद का कहना है कि इससे पर्यटन, व्यापार और धार्मिक यात्रा को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
खेरिया एयरपोर्ट से बढ़ें उड़ानें, यात्रियों को मिले बेहतर सुविधा
राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को भेजे पत्र में कहा कि आगरा विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी है, जहां हर वर्ष लाखों देशी-विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं। विश्व धरोहर ताजमहल के अलावा शहर अपनी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान के लिए भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि आगरा की बढ़ती जरूरतों और पर्यटन क्षमता के अनुरूप हवाई सेवाओं का विस्तार बेहद आवश्यक है। वर्तमान में सीमित उड़ानों के कारण पर्यटकों, व्यापारियों और आम यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है आगरा
सांसद ने पत्र में उल्लेख किया कि आगरा जैन धर्म के 22वें तीर्थंकर प्रभु नेमिनाथ की जन्मस्थली के रूप में विशेष महत्व रखता है। इसके अलावा शहर के चारों दिशाओं में स्थित प्राचीन शिव मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि निकटवर्ती फिरोजाबाद अपनी कांच एवं चूड़ी उद्योग के कारण देशभर में प्रसिद्ध है, जबकि मथुरा और वृंदावन धार्मिक पर्यटन के वैश्विक केंद्र हैं। वहीं बटेश्वर धाम में स्थित प्राचीन शिव मंदिरों के दर्शन के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
बंद हो चुकी उड़ानों को फिर शुरू करने की मांग
सांसद नवीन जैन ने कहा कि पूर्व में आगरा से दिल्ली, अहमदाबाद, जयपुर, लखनऊ, भोपाल, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद समेत कई प्रमुख शहरों के लिए विमान सेवाएं संचालित होती थीं। लेकिन वर्तमान में अहमदाबाद, जयपुर और भोपाल की उड़ानें बंद हो चुकी हैं। इसके अलावा हैदराबाद की सेवा भी आगरा से हटाकर जेवर एयरपोर्ट स्थानांतरित किए जाने की जानकारी मिली है। इससे पर्यटन उद्योग, व्यापारिक गतिविधियों और यात्रियों को परेशानी हो रही है। उन्होंने विशेष रूप से अहमदाबाद विमान सेवा को दोबारा शुरू करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे गुजरात और उत्तर प्रदेश के बीच व्यापारिक एवं औद्योगिक संबंधों को नई गति मिलेगी।
आगरा-खजुराहो सीधी फ्लाइट की भी उठाई मांग
सांसद ने आगरा से खजुराहो के लिए सीधी विमान सेवा शुरू करने का भी प्रस्ताव रखा है। उनका कहना है कि दोनों शहर विश्वस्तरीय पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहरों के केंद्र हैं।
यदि दोनों शहरों के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू होती है तो देशी और विदेशी पर्यटकों को एक ही यात्रा में दो प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। इससे पर्यटन उद्योग के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
पर्यटन, व्यापार और उद्योग को मिलेगा लाभ
सांसद नवीन जैन ने विश्वास जताया कि केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के सकारात्मक हस्तक्षेप से आगरा की हवाई संपर्क व्यवस्था और मजबूत होगी। नई उड़ानों और बंद सेवाओं की बहाली से पर्यटन उद्योग को नई रफ्तार मिलेगी, व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी और क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।