अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर यमुना तट गूंजा ‘नारी शक्ति’ के जयकारों से: मां यमुना की विशेष आरती, महिला पर्यावरण योद्धाओं का सम्मान और नदी संरक्षण का संकल्प

आगरा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आगरा में यमुना तट पर नारी शक्ति और प्रकृति संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला। रिवर कनेक्ट कैंपेन के सदस्यों ने यमुना आरती स्थल पर मां यमुना की विशेष आरती कर महिला शक्ति को सम्मानित किया और नदी संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली महिलाओं को पटुका ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा यमुना के पुनर्जीवन और विश्व शांति के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई।

Mar 8, 2026 - 21:10
 0
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर यमुना तट गूंजा ‘नारी शक्ति’ के जयकारों से: मां यमुना की विशेष आरती, महिला पर्यावरण योद्धाओं का सम्मान और नदी संरक्षण का संकल्प
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर यमुना आरती स्थल पर रविवार को आयोजित कार्यक्रम में मौजूद रिवर कनेक्ट कैंपेन के संयोजक बृज खंडेलवाल, महंत नंदन श्रोत्रिय, देवाशीष भट्टाचार्य और अन्य पर्यावरण प्रेमी।

मां यमुना की विशेष आरती और महिला शक्ति का सम्मान

रविवार शाम आयोजित कार्यक्रम में रिवर कनेक्ट कैंपेन से जुड़ीं डॉ. ज्योति खंडेलवाल, पद्मिनी अय्यर, निधि पाठक और रिमझिम वर्मा का सम्मान किया गया। उन्हें गोस्वामी नंदन श्रोतरीय और पर्यावरणविद् डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य ने पटुका ओढ़ाकर सम्मानित किया।

वक्ताओं ने कहा कि यमुना संरक्षण अभियान में महिलाओं की भागीदारी प्रेरणादायक है और समाज में पर्यावरण जागरूकता फैलाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

दुग्धाभिषेक कर की गई पूजा-अर्चना

कार्यक्रम के दौरान दिनेश शर्मा, चतुर्भुज तिवारी, विशाल झा, अमित लवानिया, दीपक राजपूत, मुकेश चौधरी और राकेश गुप्ता ने मां यमुना का दुग्धाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

इस दौरान विश्व शांति, प्रकृति संरक्षण और यमुना नदी के पुनर्जीवन के लिए सामूहिक प्रार्थना भी की गई।

2014 से चल रहा है जनजागरण अभियान

रिवर कनेक्ट कैंपेन के संयोजक बृज खंडेलवाल ने बताया कि वर्ष 2014 से यह अभियान निरंतर चल रहा है। इसके तहत यमुना आरती, यमुना सफाई अभियान, पतंग उत्सव, जनजागरण रैलियां, मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर आगरा वासियों को शहर की जीवनरेखा यमुना नदी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अभियान की प्रमुख मांगों में यमुना में बैराज निर्माण, नदी की नियमित डिसिल्टिंग, घाटों का जीर्णोद्धार तथा यमुना में अविरल और स्वच्छ जल प्रवाह सुनिश्चित करना शामिल है।

28–29 मार्च को मनाया जाएगा वार्षिक उत्सव

पर्यावरणविद् डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य ने बताया कि रिवर कनेक्ट कैंपेन का वार्षिक उत्सव 28 और 29 मार्च को यमुना आरती स्थल पर धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान नदी संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और जनजागरण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनके माध्यम से लोगों को यमुना संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor