जनकपुरी महोत्सव में महिला के हाथों से सोने के कंगन उड़ाने वाला अंतरराज्यीय गैंग बेनकाब, महाराष्ट्र से दो गिरफ्तार

आगरा। जनकपुरी महोत्सव में महिला के हाथों से सोने के दो कंगन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को सिकंदरा पुलिस, सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र के ठाणे जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गणेश और इरफान के रूप में हुई है। पुलिस ने नगर निगम की पार्किंग से चोरी किए गए पीली धातु के दोनों कंगन बरामद कर लिए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अंतरराज्यीय ‘बांगड़ी कटिंग गैंग’ से जुड़े हैं और भीड़भाड़ वाले आयोजनों में महिलाओं को निशाना बनाकर चोरी करते हैं।

Oct 20, 2026 - 20:18
 0
जनकपुरी महोत्सव में महिला के हाथों से सोने के कंगन उड़ाने वाला अंतरराज्यीय गैंग बेनकाब, महाराष्ट्र से दो गिरफ्तार
जनकपुरी महोत्सव में महिला के कंगन चुराने वाले दोनों अपराधी पुलिस की गिरफ्त में। इनके बारे में बताते डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार और अन्य पुलिस अधिकारी।

डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार ने बताया कि यह गिरोह देश के अलग-अलग हिस्सों में घूमकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता है। गिरोह के सदस्य पहले उन स्थानों की जानकारी जुटाते हैं, जहां बड़े और भीड़भाड़ वाले आयोजन होने वाले होते हैं। इसी योजना के तहत गिरोह के सदस्य आगरा के जनकपुरी महोत्सव में पहुंचे थे।

सीसीटीवी फुटेज से महाराष्ट्र तक पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार, आठ अक्टूबर को एक महिला अपने परिवार के साथ जनकपुरी महोत्सव देखने पहुंची थी। इसी दौरान आरोपियों ने उसके हाथों से सोने के दो कंगन बड़ी सफाई से चोरी कर लिए और वारदात के बाद महाराष्ट्र लौट गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने महोत्सव स्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपियों की पहचान के लिए सुराग जुटाए।

सिकंदरा पुलिस ने सर्विलांस और एसओजी की मदद से जांच आगे बढ़ाई। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस टीम महाराष्ट्र के ठाणे जिले पहुंची, जहां से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से चोरी के दोनों कंगन बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार गणेश और इरफान अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय बांगड़ी कटिंग गैंग से जुड़े हैं। यह गिरोह भीड़भाड़ वाले आयोजनों में महिलाओं को निशाना बनाकर उनके हाथों से चूड़ियां. कंगन और अन्य जेवरात चोरी करता है। गिरोह के सदस्य हाथ की सफाई में माहिर हैं। पुलिस गिरोह की अन्य गतिविधियों और सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor