श्रीजगन्नाथ रथयात्रा के लिए संजय प्लेस से निकली आमंत्रण यात्रा, कल नयन उत्सव में होंगे श्रीहरि के दर्शन
आगरा। भगवान श्रीजगन्नाथ की 16 जुलाई को प्रस्तावित रथयात्रा महोत्सव से पहले आगरा में भक्ति का माहौल बनने लगा है। बुधवार को संजय प्लेस क्षेत्र हरिनाम संकीर्तन, मृदंग-मंजीरों की मधुर ध्वनि और हरि बोल तथा जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंज उठा। कमला नगर स्थित इस्कॉन मंदिर के श्रद्धालुओं ने संकीर्तन यात्रा निकालकर शहरवासियों को रथयात्रा में शामिल होने का आमंत्रण दिया। वहीं 14 जुलाई को नयन उत्सव के अवसर पर भगवान श्रीजगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र 14 दिनों के विश्राम और विशेष उपचार के बाद पुनः भक्तों को दर्शन देंगे।
संजय प्लेस स्थित आजाद पेट्रोल पंप से इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप के मार्गदर्शन में आमंत्रण संकीर्तन यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा में श्रद्धालु भगवान के विग्रह स्वरूप को सिर पर धारण कर हरिनाम संकीर्तन करते हुए आगे बढ़े। मृदंग, ढोलक और मंजीरों की मधुर ध्वनि पर भक्त पूरे उत्साह के साथ नृत्य करते रहे। यात्रा जिस मार्ग से होकर गुजरी, वहां लोगों ने अपने दैनिक कार्यों को कुछ समय के लिए छोड़कर संकीर्तन में भाग लिया। अनेक श्रद्धालु स्वतः ही यात्रा में शामिल होकर भगवान का गुणगान करते दिखाई दिए। इस दौरान भगवान श्रीजगन्नाथ के लिए विशेष रूप से तैयार की गई खिचड़ी का प्रसाद भी श्रद्धालुओं में वितरित किया गया।
इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप ने बताया कि इस वर्ष आयोजित होने वाली रथयात्रा में आगरा मंडल के विभिन्न जिलों के अलावा यूक्रेन, रूस, ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों तथा भारत के विभिन्न राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।
इस अवसर पर विकास बंसल, नितेश अग्रवाल, संजय कुकरैजा, दीपक, प्रह्लाद अग्रवाल, विपिन रमेश यादव, हर्ष खटाना, ऋषभ, राजीव मल्होत्रा, सूरज, नवीन अग्रवाल और शाश्वत नन्दलाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कल होगा नयन उत्सव, 14 दिन बाद खुलेंगे भगवान के पट
कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में 14 जुलाई को नयन उत्सव का आयोजन किया जाएगा। परंपरा के अनुसार स्नान पूर्णिमा के बाद भगवान श्रीजगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र 14 दिनों तक विश्राम और विशेष उपचार करते हैं। इस अवधि में उन्हें विशेष काढ़ा तथा अन्नरहित भोग अर्पित किया जाता है।
स्वस्थ होने के बाद भगवान पुनः रत्नवेदी सिंहासन पर विराजमान होंगे। नयन उत्सव के तहत दोपहर 12 बजे भगवान के पट खोले जाएंगे, जबकि शाम 4 बजे से श्रद्धालुओं को दर्शन प्राप्त होंगे। इस अवसर पर आकर्षक फूल बंगला, छप्पन भोग और विशेष आरती का आयोजन भी किया जाएगा।
इसके बाद 16 जुलाई को दोपहर 3 बजे बल्केश्वर स्थित महादेव मंदिर से भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। आयोजन समिति के अनुसार रथयात्रा में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।