आगरा में आईपीएल सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़, साउथ प्ले वेबसाइट से चल रहा था खेल, 2 गिरफ्तार
आगरा के जगदीशपुरा में ऑनलाइन सट्टेबाजी रैकेट का खुलासा हुआ है। SOUTHPLAY वेबसाइट के जरिए आईपीएल पर सट्टा खिलाया जा रहा था। पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक फरार है। मौके से बड़ी मात्रा में मोबाइल, लैपटॉप और बैंकिंग दस्तावेज बरामद हुए हैं।
आगरा। आगरा के जगदीशपुरा क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े रैकेट का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना पुलिस ने सेक्टर-5 स्थित एक मकान पर छापा मारकर इस अवैध गतिविधि का खुलासा किया, जहां से साउथ प्ले नामक वेबसाइट के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाया जा रहा था।
पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से सूरज बघेल और तोहिद उर्फ अमन को गिरफ्तार किया गया, जबकि गिरोह का एक अन्य सदस्य आदित्य शर्मा उर्फ आदि मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को जोड़कर क्यूआर कोड के माध्यम से पैसे ट्रांसफर करवाते थे और लाइव आईपीएल मैचों पर हार-जीत की बाजी लगवाते थे। इस नेटवर्क में बड़ी संख्या में लोगों के जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 11 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 19 डेबिट कार्ड और 7 पासबुक बरामद किए हैं, जो इस रैकेट के बड़े स्तर पर संचालित होने की ओर इशारा करते हैं। पुलिस अब जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैंकिंग डिटेल्स के जरिए पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जल्द पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।