आईपीएल सट्टेबाजी का बरेली में भंडाफोड़: ग्रेजुएट युवक गिरफ्तार, नेपाल के सिम और करोड़ों के ट्रांजेक्शन की जांच

-आरके सिंह- बरेली। आईपीएल मैचों के दौरान चल रहे ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का थाना फरीदपुर पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने बीएससी पास एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नकदी, आईफोन, नेपाली सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक दस्तावेज और कई संदिग्ध कागजात बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में करोड़ों रुपये के ऑनलाइन लेन-देन, हवाला कनेक्शन और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब आरोपी के आर्थिक नेटवर्क और फरार साथियों की तलाश में जुट गई है।

May 13, 2026 - 19:48
 0
आईपीएल सट्टेबाजी का बरेली में भंडाफोड़: ग्रेजुएट युवक गिरफ्तार, नेपाल के सिम और करोड़ों के ट्रांजेक्शन की जांच
आईपीएल की सट्टेबाजी में गिरफ्तार युवक।

बुधवार को प्रेस वार्ता में एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ओमेन्द्र निवासी मोहल्ला कानूनगोयान, फरीदपुर है। आरोपी बीएससी पास है और कोविड काल में नौकरी छूटने के बाद ऑनलाइन सट्टेबाजी के कारोबार में उतर गया था। शुरुआत छोटे स्तर पर हुई, लेकिन धीरे-धीरे उसने बड़ा नेटवर्क तैयार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन हार-जीत की बाजी लगवाता था और इसके लिए नेपाल के मोबाइल सिम कार्ड का इस्तेमाल करता था, ताकि साइबर एजेंसियों और पुलिस की निगरानी से बचा जा सके। आरोपी के बैंक खातों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन हो रहे थे। पुलिस अब बैंक खातों, मोबाइल डाटा और आर्थिक लेन-देन की गहन जांच कर रही है।

एसपी दक्षिणी ने बताया कि आरोपी का आर्थिक नेटवर्क काफी मजबूत प्रतीत हो रहा है। प्रारंभिक जांच में यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी की कई शराब की दुकानों और पेट्रोल पंपों में साझेदारी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन कारोबारों में लगाया गया पैसा कहीं सट्टेबाजी से जुड़ा तो नहीं है।

उन्होंने बताया कि मंगलवार को थाना फरीदपुर पुलिस गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि रोडवेज बस स्टैंड के पास कुछ लोग आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि ओमेन्द्र को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये नकद, एक आईफोन, नेपाली सिम कार्ड, कई एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक, आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किए गए। पुलिस जांच में कुछ दस्तावेज संदिग्ध और कूटरचित पाए गए हैं।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसे आईपीएल सट्टेबाजी की लत लग गई थी और इसी कारोबार के जरिए वह मोटी कमाई कर रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी सट्टेबाजी और मारपीट से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं।

थाना फरीदपुर पुलिस ने आरोपी समेत अन्य फरार साथियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम, उपनिरीक्षक उज्जवल गंभीर, हेड कांस्टेबल महावीर और हेड कांस्टेबल शमशेर अली की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

SP_Singh AURGURU Editor