आईआरसीटीसी की आध्यात्मिक सुपर योजना: भारत गौरव ट्रेन से कराया जाएगा सात ज्योतिर्लिंग और दक्षिण भारत का सफर, किस्तों में किराया

-आरके सिंह- बरेली। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम यानी आईआरसीटीसी ने धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई देने के लिए बड़ी पहल की है। भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के माध्यम से श्रद्धालुओं को सात ज्योतिर्लिंग और दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों की विशेष यात्रा कराई जाएगी। खास बात यह है कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा का किराया किश्तों में वसूला जाएगा, जिससे आम श्रद्धालु भी इस आध्यात्मिक यात्रा का लाभ आसानी से उठा सकेंगे।

May 8, 2026 - 18:55
May 8, 2026 - 18:57
 0
आईआरसीटीसी की आध्यात्मिक सुपर योजना: भारत गौरव ट्रेन से कराया जाएगा सात ज्योतिर्लिंग और दक्षिण भारत का सफर, किस्तों में किराया

यह जानकारी शुक्रवार को आईआरसीटीसी लखनऊ के सहायक रीजनल मैनेजर वायुनंदन शुक्ला, मैनेजर टूरिज्म नवनीत गोयल तथा मुख्य वाणिज्य निरीक्षक सैययद इमरान चिश्ती ने संयुक्त रूप से आयोजित प्रेस वार्ता में दी। अधिकारियों ने बताया कि दोनों विशेष ट्रेनें अगले महीने योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से रवाना होंगी और यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा तथा धार्मिक वातावरण का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि हर कोच में यात्रियों की सहायता के लिए एक सहयोगी मौजूद रहेगा। यात्रियों को शुद्ध शाकाहारी भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। ट्रेन में पूजा-पाठ और भजन-कीर्तन के लिए विशेष मंदिर की व्यवस्था भी की गई है, जहां नियमित धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। जरूरत पड़ने पर चिकित्सीय सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

पहली यात्रा 12 जून 2026 से 23 जून 2026 तक 11 रात और 12 दिन की होगी। यह भारत गौरव पर्यटक ट्रेन योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से रवाना होकर उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग, ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, गुजरात के द्वारकाधीश मंदिर, भेंट द्वारिका, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, सिग्नेचर ब्रिज, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, नासिक के त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, पंचवटी, कालाराम मंदिर, भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग तथा संभाजीनगर स्थित घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन कराएगी।

इस ट्रेन में चढ़ने और उतरने के प्रमुख स्टेशन योग नगरी ऋषिकेश, हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ, कानपुर, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई स्टेशन और ललितपुर जंक्शन होंगे। लगभग 750 यात्रियों की क्षमता वाली इस ट्रेन में इकोनॉमी श्रेणी (स्लीपर क्लास), स्टैंडर्ड श्रेणी (3 एसी) और कम्फर्ट श्रेणी (2 एसी) की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

दूसरी भारत गौरव पर्यटक ट्रेन 29 जून 2026 को रवाना होगी और 10 जुलाई 2026 को वापस लौटेगी। यह ट्रेन तिरुपति बालाजी मंदिर, रामनाथस्वामी मंदिर रामेश्वरम, मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी दर्शन और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग की यात्रा कराएगी।

आईआरसीटीसी अधिकारियों के अनुसार दोनों ट्रेनों में 2 एसी, 3 एसी और स्लीपर क्लास यात्रा के साथ नाश्ता, दोपहर और रात्रि का शाकाहारी भोजन, एसी एवं नॉन एसी बसों से स्थानीय भ्रमण जैसी सुविधाएं पैकेज में शामिल रहेंगी। आईआरसीटीसी की यह पहल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ श्रद्धालुओं को आरामदायक और सुरक्षित यात्रा अनुभव प्रदान करेगी।

SP_Singh AURGURU Editor