सीजफायर पर इजरायल का बड़ा यू-टर्न,   लेबनान को रखा बाहर,   पाकिस्तान के दावे को किया खारिज

ईरान-अमेरिका सीजफायर के बीच इजरायल ने बयान जारी कर कहा है कि ये युद्धविराम लेबनान पर लागू नहीं होगा।

Apr 8, 2026 - 19:40
 0
सीजफायर पर इजरायल का बड़ा यू-टर्न,   लेबनान को रखा बाहर,   पाकिस्तान के दावे को किया खारिज

तेल अवीव। ईरान और अमेरिका के बीच दो हफ्तों के युद्धविराम की घोषणा के बाद भी पश्चिम एशिया में पूरी तरह शांति नहीं आई है। इजरायल ने साफ कर दिया है कि यह सीजफायर लेबनान पर लागू नहीं होगा और वहां उसकी कार्रवाई जारी रह सकती है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के उस दावे को खारिज कर दिया,  जिसमें कहा गया था कि लेबनान को भी इस संघर्ष-विराम में शामिल किया जाएगा। नेतन्याहू ने स्पष्ट कहा कि दो हफ्तों का यह सीजफायर सिर्फ ईरान से जुड़े मोर्चे पर लागू होगा, लेबनान पर नहीं।

हालांकि, इजरायल ने ईरान के साथ हुए इस सीजफायर को समर्थन दिया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इजरायल राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस फैसले का समर्थन करता है, जिसमें ईरान के खिलाफ हमलों को दो हफ्तों के लिए रोका गया है। इस समर्थन के साथ कुछ शर्तें भी रखी गई हैं। इजरायल ने कहा है कि ईरान को तुरंत स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ खोलना होगा और अमेरिका, इजरायल व अन्य देशों पर किसी भी तरह के हमले बंद करने होंगे।

बयान में यह भी कहा गया कि इजरायल अमेरिका के उन प्रयासों का समर्थन करता है, जिनका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि ईरान आगे चलकर परमाणु, मिसाइल या आतंक से जुड़ा कोई खतरा न बने। अमेरिका ने भी इजरायल को भरोसा दिलाया है कि आने वाली बातचीत में इन लक्ष्यों को पूरा करने की कोशिश की जाएगी। इस पूरे घटनाक्रम से साफ है कि भले ही ईरान और अमेरिका के बीच कुछ समय के लिए तनाव कम हुआ है, लेकिन क्षेत्र में बाकी मोर्चों पर हालात अभी भी गंभीर बने हुए हैं।

इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दो हफ्तों के लिए ईरान पर हमले रोकने की घोषणा की थी। उन्होंने इस फैसले को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ को फिर से खोलने से जोड़ा था। ईरान ने भी इस प्रस्ताव को अस्थायी रूप से स्वीकार किया और कहा कि अगर उस पर हमले बंद होते हैं, तो वह भी अपनी सैन्य कार्रवाई रोक देगा।