आईटीसी मुगल में सजी सुरों की महफिल, बॉलीवुड गायक शाहिद माल्या की आवाज़ पर झूम उठा आगरा, स्पाइसी शुगर ग्रैंड फिनाले बना यादगार

आगरा। सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था स्पाइसी शुगर के वार्षिक ग्रैंड फिनाले सीजन-6 में रविवार की शाम सुरों और संगीत से सराबोर हो उठी। फतेहाबाद रोड स्थित भव्य आईटीसी मुगल में आयोजित सुरमई शाम कार्यक्रम में बॉलीवुड गायक शाहिद माल्या की दमदार और मधुर आवाज़ ने ऐसा समां बांधा कि पूरा सभागार झूम उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल सहित कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

Mar 15, 2026 - 19:50
 0
आईटीसी मुगल में सजी सुरों की महफिल, बॉलीवुड गायक शाहिद माल्या की आवाज़ पर झूम उठा आगरा, स्पाइसी शुगर ग्रैंड फिनाले बना यादगार
फतेहाबाद रोड स्थित आईटीसी मुगल में स्पाइसी शुगर संस्था के ग्रैंड फिनाले सीजन-6 में अपने सुरों का जादू बिखेरते बॉलीवुड गायक शाहिद माल्या।

सुरमई शाम कार्यक्रम में मौजूद केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल। 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रो. एसपी सिंह बघेल के साथ चमड़ा एवं फुटवियर उद्योग परिषद के अध्यक्ष पूरन डावर, राजीव वासन, चंदर सचदेवा और संस्था की संस्थापक अध्यक्ष पूनम सचदेवा ने दीप जलाकर कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

संस्था की संस्थापक अध्यक्ष पूनम सचदेवा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि स्पाइसी शुगर संस्था पिछले छह वर्षों से सामाजिक, ज्ञानवर्धक और मनोरंजन से जुड़े विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य महिलाओं और परिवारों को एक ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां रचनात्मकता, सीख और मनोरंजन एक साथ मिल सकें।

उन्होंने बताया कि बीते वर्ष संस्था द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में दर्जनभर से अधिक सेलिब्रिटी शामिल हुए, जिससे आयोजन और भी यादगार बने। सभी सदस्यों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से संस्था लगातार नए आयाम स्थापित कर रही है और आगामी सीजन-7 को भी और भव्य बनाने की तैयारी है।

सांस्कृतिक संस्थाएं समाज को देती हैं सकारात्मक दिशा

मुख्य अतिथि प्रो. एसपी सिंह बघेल ने संस्था की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि सांस्कृतिक और सामाजिक संस्थाएं समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि संगीत और कला समाज में प्रेम, सौहार्द और ऊर्जा का संचार करते हैं तथा ऐसे आयोजन लोगों को जोड़ने का सशक्त माध्यम बनते हैं।

इस अवसर पर संस्था की सदस्य माला जसूजा और पुष्पा पोपटानी ने संस्था की गतिविधियों और उपलब्धियों का परिचय भी प्रस्तुत किया।

शाहिद माल्या की आवाज़ ने बांधा समां

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण तब आया जब मंच पर बॉलीवुड गायक शाहिद माल्या पहुंचे। उन्होंने अपनी दमदार आवाज़ में लोकप्रिय गीत- बिखरने का मुझको शौक है बड़ा...से महफिल की शुरुआत की और देखते ही देखते पूरा माहौल संगीतमय हो गया।

इसके बाद उन्होंने ‘इक कुड़ी’, ‘कोई दिल में जादू कर गया’, ‘सोलह बरस के दो कदम’, ‘कुक्कड़’, ‘नगाड़ा संग ढोल’, ‘दमा दम मस्त कलंदर’ और ‘सारा जग छट के बस तैनू मैं चुनया’ जैसे सुपरहिट गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। मंच पर उनके साथ अनुज सोनी और बैंड ने भी बेहतरीन संगत दी।

हर गीत पर दर्शक तालियों की गूंज के साथ झूमते नजर आए। कई श्रोताओं ने मोबाइल की रोशनी जलाकर माहौल को और भी रोमांचक बना दिया। सुरों से सजी यह शाम देर रात तक यादगार बनी रही।

स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मान

कार्यक्रम के अंत में स्पाइसी शुगर संस्था की ओर से शाहिद को स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मौजूद स्पाइसी शुगर संस्था की सदस्याएं।

कार्यक्रम में पावनी सचदेवा, चांदनी ग्रोवर और शिखा जैन ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर आस्था, अंजलि, आकृति, अनु, अर्चना, बानी, दिव्या, डॉ. भास्कर ज्योति, पूजा लूथरा, हरबानी, हरमीत, कोमिला धर, माधुरी, निधि, पल्लवी, पिंकी, पूजा, प्रीति, राखी, रिंपी, ऋतु, रूपाली, संगीता, शिल्पी, यामिनी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहीं।

SP_Singh AURGURU Editor