जनकपुरी महोत्सव कार्यालय में ‘जय कन्हैया लाल की’ गूंज, केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने की आरती

आगरा। भवना एस्टेट स्थित श्री जनकपुरी महोत्सव कार्यालय में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भक्तिमय वातावरण में विशेष पूजन और महाआरती का आयोजन किया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने भगवान श्रीराम और लड्डू गोपाल जी की आरती कर देश एवं समाज की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की। श्रीकृष्ण के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं और आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने महाआरती में सहभागिता की।

Sep 4, 2026 - 20:52
 0
जनकपुरी महोत्सव कार्यालय में ‘जय कन्हैया लाल की’ गूंज, केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने की आरती
जनकपुरी कार्यालय में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर आरती करते केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल।

धर्म और कर्तव्य का दिया संदेश

महाआरती के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन धर्म, सत्य, प्रेम और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। श्रीकृष्ण ने संदेश दिया कि जब भी अधर्म बढ़ता है, तब धर्म की स्थापना के लिए संघर्ष आवश्यक हो जाता है। उन्होंने कहा कि जनकपुरी महोत्सव जैसे आयोजन सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

जयकारों से भक्तिमय हुआ परिसर

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के उल्लास में पूरा जनकपुरी महोत्सव कार्यालय परिसर श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के बीच महाआरती हुई और श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से पूजा-अर्चना की।

पदाधिकारियों ने संभाली व्यवस्थाएं

इस अवसर पर जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के मुख्य संयोजक मनोज बंसल, मुख्य समन्वयक धर्मेश जैन, महामंत्री मनोज जादौन, कोषाध्यक्ष आकाश ग्वाला, मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह, सतीश ठाकुर, निमित पोरवाल, महिला मंडल अध्यक्ष अमृता पोरवाल, आरती शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor