डांडिया की धुन पर झूम उठा आगरा का जयपुर हाउस, जयश्रीराम के जयकारों से गूंजा श्रीराम पार्क; 12 फुट के रावण का दहन

आगरा। जयपुर हाउस स्थित श्रीराम पार्क में जयपुर हाउस युवा क्लब के दशहरा उत्सव में डांडिया की धूम रही। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे महिला-पुरुषों ने संगीत की धुन पर डांडिया किया, तो महिलाओं और बच्चों के लिए आयोजित मनोरंजक प्रतियोगिताओं ने उत्सव का उल्लास बढ़ाया। गणेश वंदना और मां दुर्गा की आरती से शुरू हुए कार्यक्रम का समापन 12 फुट ऊंचे रावण के दहन के साथ हुआ। इस दौरान श्रीराम पार्क जयश्रीराम और वीर बजरंगी के जयकारों से गूंज उठा।

Oct 20, 2026 - 21:06
 0
डांडिया की धुन पर झूम उठा आगरा का जयपुर हाउस, जयश्रीराम के जयकारों से गूंजा श्रीराम पार्क; 12 फुट के रावण का दहन
जयपुर हाउस युवा क्लब द्वारा श्रीराम पार्क में आयोजित दशहरा उत्सव में डांडिया की एक झलक।

समारोह का शुभारंभ शंखनाद, गणेश वंदना और मां दुर्गा की आरती के साथ हुआ। जयपुर हाउस के निवासियों ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना में भाग लिया। डीसीपी अभिषेक अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसके बाद संगीत की धुनों पर डांडिया नाइट का रंग जमने लगा।

पारंपरिक परिधानों में सजे महिला-पुरुषों ने किया डांडिया

महिलाएं लहंगा-चोली और पुरुष कुर्ता-पायजामा पहनकर उत्सव में शामिल हुए। ‘ढोली थारो ढोल बाजे’ और ‘घूंघट की आड़ से दिलबर का’ जैसे लोकप्रिय गीतों पर युवाओं ने जमकर डांडिया किया। संगीत, ताल और पारंपरिक वेशभूषा ने पूरे आयोजन को उत्सवी रंग में रंग दिया।

दशहरा उत्सव के तहत महिलाओं और बच्चों के लिए विभिन्न खेल एवं मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बेस्ट कपल डांस और बेस्ट ड्रेस प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साह से हिस्सा लिया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। बच्चों ने पार्क में लगाए गए झूलों का आनंद लिया।

रावण दहन के साथ गूंजे जयश्रीराम के जयकारे

डांडिया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद 12 फुट ऊंचे रावण का दहन किया गया। रावण दहन के दौरान उपस्थित लोगों ने जयश्रीराम और वीर बजरंगी के जयकारे लगाए। इससे पूरा परिसर भक्तिमय और उत्सवी माहौल में गूंज उठा। जयपुर हाउस युवा क्लब की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समारोह में रोहित जैन, राहुल अग्रवाल, विभोर अग्रवाल, सनी बजाज, मयंक सचदेवा, डॉ. मयंक महाजन, सौरभ गोयल, निकिता अग्रवाल, करिश्मा अग्रवाल, नेहा बजाज, डॉ. रिदिमा महाजन, सीपिका अरोरा, आशा सचदेवा, स्वाती गोयल और रिचा जैन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor