जैतपुर हत्याकांड का खुलासाः सोमेश ने अपने पिता की बेइज्जती का बदला लेने के लिए तीन दोस्तों संग की थी प्रदीप मिश्रा की हत्या, पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा, मुख्य शूटर समेत तीन आरोपी अब भी फरार

आगरा। जैतपुर कस्बे में मंदिर में आरती के लिए जा रहे प्रदीप मिश्रा की सरेशाम गोली मारकर हत्या करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के दो दिन बाद जैतपुर पुलिस ने हत्याकांड के एक वांछित आरोपी सत्यम पुरोहित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की साजिश और वारदात के पीछे की वजह का खुलासा करते हुए बताया कि फरवरी 2025 में मृतक द्वारा मुख्य आरोपी सोमेश पाराशर के पिता की कथित पिटाई और बेइज्जती किए जाने का बदला लेने के लिए पूरी योजना बनाई गई थी। पुलिस अब मुख्य शूटर समेत तीन अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

Jun 20, 2026 - 17:35
 0
जैतपुर हत्याकांड का खुलासाः सोमेश ने अपने पिता की बेइज्जती का बदला लेने के लिए तीन दोस्तों संग की थी प्रदीप मिश्रा की हत्या, पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा, मुख्य शूटर समेत तीन आरोपी अब भी फरार
प्रदीप मिश्रा हत्याकांड में जैतपुर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया अभियुक्त।

मंदिर जाते समय मारी गई थी गोली

पुलिस के अनुसार 18 जून 2026 की शाम करीब पौने सात बजे प्रदीप मिश्रा जैतपुर कस्बे के मंदिर में आरती के लिए जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे सोमेश पाराशर, कन्हैयालाल पाराशर, सत्यम पुरोहित और श्याम नौपुत्रा ने उसे मंदिर के पास घेर लिया। आरोप है कि इसी दौरान सोमेश पाराशर ने प्रदीप पर गोली चला दी। गोली सीधे प्रदीप के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

गोली लगने के बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल प्रदीप को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।

भाई की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा

घटना के अगले दिन 19 जून को मृतक प्रदीप के भाई की तहरीर पर थाना जैतपुर में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया।

20 जून को वांछित अभियुक्तों की तलाश में चेकिंग अभियान के दौरान जैतपुर पुलिस ने सत्यम पुरोहित पुत्र महेश निवासी जैतपुर कस्बा को फतेहपुरा तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया।

पूछताछ में सामने आई हत्या की वजह

पुलिस पूछताछ में सत्यम ने बताया कि वह, सोमेश पाराशर और श्याम आपस में गहरे दोस्त हैं। उसने बताया कि फरवरी 2025 में मृतक प्रदीप ने गांव के सामने सोमेश के पिता की कथित पिटाई कर उन्हें बेइज्जत किया था। इसी घटना से नाराज होकर बदला लेने की योजना बनाई गई। इसके बाद सत्यम, सोमेश, कन्हैयालाल और श्याम ने मिलकर 18 जून को प्रदीप की हत्या की साजिश रची। जब प्रदीप मंदिर में पूजा के लिए जा रहा था, तभी उसे घेरकर सोमेश ने गोली मार दी।

फरार आरोपियों की तलाश में दबिश

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी एवं कथित शूटर सोमेश पाराशर, कन्हैयालाल पाराशर और श्याम नौपुत्रा अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor