जाट महासभा ने सीएम योगी का जताया आभार, आगरा किले के सामने महाराजा सूरजमल की प्रतिमा लगाने की मांग

आगरा। भरतपुर रियासत के वीर शासक महाराजा सूरजमल की ऐतिहासिक वीरता और शौर्य को सरकारी स्तर पर मिली नई पहचान के बाद अखिल भारतीय जाट महासभा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया है। महासभा ने कहा कि 12 जून को आगरा किले में पहली बार सरकारी स्तर पर महाराजा सूरजमल आगरा किला विजय दिवस मनाया जाना ब्रज क्षेत्र के गौरव का ऐतिहासिक क्षण है। इसके साथ ही संगठन ने आगरा किले के समक्ष महाराजा सूरजमल की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग भी दोहराई है।

Jun 13, 2026 - 22:05
 0
जाट महासभा ने सीएम योगी का जताया आभार, आगरा किले के सामने महाराजा सूरजमल की प्रतिमा लगाने की मांग

जिलाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर ने कहा कि अखिल भारतीय जाट महासभा लंबे समय से आगरा किले में विजय दिवस मनाने की मांग कर रही थी, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरा कर ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यह केवल आगरा ही नहीं बल्कि पूरे ब्रज क्षेत्र के सम्मान और स्वाभिमान का विषय है। विजय दिवस समारोह में जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों और बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।

उन्होंने बताया कि महासभा का प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त करेगा। साथ ही आगरा किले के सामने महाराजा सूरजमल की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग भी रखेगा।

महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुंवर शैलराज सिंह एडवोकेट, जिला अध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर, मंडल अध्यक्ष मेघराज सोलंकी (पूर्व जिला पंचायत सदस्य), युवा जाट महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष यशपाल राणा (पूर्व ब्लॉक प्रमुख), नरेश इंदोलिया, जिला महामंत्री वीरेंद्र सिंह छोंकर, महानगर अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नरवार, महानगर महामंत्री लोकेंद्र चौधरी, युवा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, जिला प्रभारी देवेंद्र चाहर (पूर्व ब्लॉक प्रमुख), महानगर अध्यक्ष लखन चौधरी, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष श्रीमती निर्मल चाहर तथा महामंत्री श्रीमती सरोज चाहर ने संयुक्त रूप से कहा कि महाराजा सूरजमल ने 12 जून 1761 को आगरा किले पर विजय प्राप्त कर लगभग 681 वर्षों से गुलामी की जंजीरों में जकड़े आगरा और ब्रज क्षेत्र को स्वतंत्र कराया था। ऐसे महान योद्धा की प्रतिमा आज तक आगरा किले के सामने स्थापित न होना दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि जाट महासभा वर्षों से सम्मेलन, प्रदर्शन और ज्ञापन के माध्यम से इस मांग को उठाती रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जिला प्रशासन से प्रतिमा स्थल को लेकर 10 बिंदुओं पर आख्या भी मांगी जा चुकी है, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से रिपोर्ट नहीं भेजी गई है। महासभा ने इस प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर प्रतिमा स्थापना का मार्ग प्रशस्त करने की मांग की है।

कप्तान सिंह चाहर ने विजय दिवस समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने वाले जाट महासभा के सभी पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों और जनसामान्य का भी आभार व्यक्त किया।

SP_Singh AURGURU Editor